नेशनल टीचर्स अवार्ड 2026 का ऐलान, छत्तीसगढ़, MP सहित देशभर के इन 48 शिक्षकों को सम्मानित करेंगी राष्ट्रपति

शिक्षक दिवस 2026 के अवसर पर देश के 48 उत्कृष्ट स्कूली शिक्षकों को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 5 सितंबर 2026 को नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में चयनित शिक्षकों को यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रदान करेंगी।साउथ एशियन कल्चरल इवेंट्स खोजना

शिक्षा मंत्रालय के विद्यालय शिक्षा एवं साक्षरता विभाग की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, इस वर्ष देशभर से 48 स्कूली शिक्षकों का चयन किया गया है। इनमें 26 पुरुष और 22 महिला शिक्षक शामिल हैं। चयनित शिक्षक 27 राज्यों, 7 केंद्र शासित प्रदेशों और केंद्र सरकार के 6 संगठनों से हैं।

छत्तीसगढ़ से सुनीता यादव होंगी सम्मानित

राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2026 की सूची में छत्तीसगढ़ का नाम भी शामिल है। सुनीता यादव, जो सरकारी एमएस खिचड़ी, खिचड़ी में कार्यरत हैं, का चयन राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए किया गया है। इसके अलावा मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार, गुजरात समेत देश के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के शिक्षकों को भी सम्मानित किया जाएगा।

5 सितंबर को विज्ञान भवन में होगा सम्मान समारोह
National Teachers Award 2026 List शिक्षा मंत्रालय के विद्यालय शिक्षा एवं साक्षरता विभाग द्वारा हर साल शिक्षक दिवस (Teachers’ Day 2026) यानी 5 सितंबर को राष्ट्रीय स्तर पर इस समारोह का आयोजन किया जाता है। पुरस्कार के लिए शिक्षकों का चयन एक कठोर, पारदर्शी और ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से किया जाता है।

समारोह के दौरान प्रत्येक पुरस्कार विजेता शिक्षक के उत्कृष्ट और अनुकरणीय कार्यों को दर्शाने वाले लघु वृत्तचित्र भी प्रदर्शित किए जाएंगे। राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार का उद्देश्य ऐसे शिक्षकों के योगदान को सम्मानित करना है, जिन्होंने अपने समर्पण, नवाचार और मेहनत से न केवल शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार किया है, बल्कि विद्यार्थियों के जीवन पर भी सकारात्मक प्रभाव डाला है।

राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2026 के लिए पात्र शिक्षकों से ऑनलाइन स्व-नामांकन आमंत्रित किए गए थे। आवेदन प्रक्रिया 15 जून 2026 से 20 जुलाई 2026 तक चली। इसके बाद जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर तीन चरणों वाली चयन प्रक्रिया के माध्यम से 48 शिक्षकों का चयन किया गया।

राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2026 के लिए मध्य प्रदेश से दो शिक्षकों का चयन हुआ है। इनमें डॉ. अर्चना शुक्ला और शैलेंद्र प्रताप सिंह शामिल हैं। वहीं राजस्थान से डॉ. दिव्येंदु सेन और डॉ. वर्तिका गुलत का चयन किया गया है। उत्तर प्रदेश से भी तीन शिक्षक राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए चुने गए हैं। इनमें डॉ. रेनू त्रिपाठी, डॉ. इफ्तखार खान और शालिनी कुशवाहा शामिल हैं।