मंडला का खतरनाक GEN Z, 12th का स्टूडेंट बैग में लाया 6 राउंड रिवॉल्वर, टीचर्स के उड़े होश

मध्य प्रदेश के मंडला से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां निवास थाना क्षेत्र के सांदीपनी स्कूल में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब 12वीं कक्षा के एक छात्र के बैग से सिक्स राउंड रिवॉल्वर बरामद हुई. ये रिवॉल्वर तब बरामद हुई जब स्कूल टीचर बच्चों के बैग में मोबाइल की जांच कर रहे थे. लेकिन तभी एक छात्र के बैग से बंदूक निकलने से सब हैरान रह गए और तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी.

12वीं के छात्र के बैग से रिवॉल्वर निकलने की सूचना मिलते ही निवास थाना प्रभारी धर्मेंद्र धुर्वे टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने जांच की तो हथियार असली पाया गया, जिसके बाद हथियार को अपने कब्जे में लेकर छात्र को पूछताछ के लिए पुलिस अपने साथ ले गई. पूछताछ में छात्र ने पुलिस को बताया कि रसलगंज निवासी एक युवक ने उसे यह हथियार 2 महीने पहले दिया था और छात्र इसे पेंट करने के लिए स्कूल लेकर आया था.

भले ही छात्र ने ये कहा है कि वह हथियार को पेंट करने लाया था लेकिन पुलिस ने इस मामले को बेहद गंभीरता से लिया है. छात्र से आगे पूछताछ कर रसलगंज निवासी युवक तक पुलस पहुंच गई है. निवास थाना प्रभारी धर्मेंद्र धुर्वे के मुताबिक, ” आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है. छात्र के पास बरामद हुई रिवॉल्वर लिखे कोड से भी उसकी जांच की जा रही है और पता लगाया जा रहा है कि छात्र को ये हथियार किसने दिया और छात्र की क्या मंशा थी. सुबह सांदीपनि विद्यालय के प्रिंसिपल का फोन आया था कि स्कूल में अध्यक्षरत एक छात्र अपने स्कूल बैग में छिपा कर गन लाया हुआ है, जिससे स्कूल में दहशत का माहौल बन गया है. हमारे द्वारा तत्काल संदीपनी स्कूल में जा कर बच्चे को सुरक्षित कर देसी कट्टा 6 राउंड जब्त किया गया है.”

एफआईआर के मुताबिक छात्र के बैग से बरामद की गई देसी सिक्स राउंड रिवॉल्वर पुरानी है, जिसके बट पर USA NO 38 लिखा हुआ है. हथियार को जब्त कर पुलिस की एक टीम निवास थाना अंतर्गत रसलगंज रवाना हुई, जहां से एक अन्य युवक को गिरफ्तार किया गया, जिसने छात्रो को ये रिवॉल्वर दी थी. वहीं, जिस छात्र के बैग से बंदूक निकली उसने पुलिस को तर्क दिया कि वह इसपर स्प्रे पेंट करने के लिए स्कूल लाया था. पुलिस ने दोनों आरोपियों को कस्टडी में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. वहीं, इस घटनाक्रम से टीचर्स और छात्रों में दहशत का माहौल रहा.