देवरिया के मझौलीराज में मकान पर लगे काले झंडे, विवाद के बाद प्रशासन ने उतरवाए

देवरिया के सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र के मझौलीराज में एक मकान पर उर्दू में लिखे काले झंडे लगाए जाने को लेकर विवाद हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और झंडों को उतरवाकर अपने कब्जे में ले लिया। इस मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

घटना रविवार दोपहर करीब दो बजे की है, जब कुछ लोगों की नजर मझौलीराज स्थित एक मकान पर लगे काले झंडों पर पड़ी। स्थानीय लोगों के अनुसार, इन झंडों पर उर्दू में कुछ लिखा हुआ था। इसकी जानकारी मिलते ही कुछ हिंदू संगठनों के लोगों ने झंडे लगाए जाने पर आपत्ति जताई और पुलिस को सूचित किया।

विवाद की सूचना मिलते ही सलेमपुर कोतवाली पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अधिकारियों की मौजूदगी में मकान पर लगे झंडों को नीचे उतरवाया गया। पुलिस ने इन झंडों को अपने कब्जे में ले लिया।

पुलिस ने मौके से एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। सीओ सलेमपुर गौरध सिंह ने बताया कि सूचना पर झंडे उतरवाकर कब्जे में लिए गए हैं और मामले की जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने तथा किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है।