किस्सा 3,400 किस वाली ‘Kissing Car’ का! जानें किस आधार पर पुलिस ने की कार्रवाई

सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाहत कभी-कभी कितनी भारी पड़ सकती है, इसकी एक बानगी मध्य प्रदेश के ग्वालियर में देखने को मिली. जहां एक कार को हजारों लिपस्टिक के किस मार्क से सजाकर सड़क पर दौड़ाना युवक को महंगा पड़ गया. वीडियो वायरल हुआ तो लोगों ने खूब देखा, लेकिन कुछ ही समय बाद इसकी नजर ट्रैफिक पुलिस पर भी पड़ गई. पुलिस ने कार को पकड़कर थाने पहुंचाया, करीब 5,500 रुपये का चालान काटा और आखिर में कार मालिक को थाने में ही गाड़ी से लिपस्टिक के निशान साफ करने पड़े. तो आइये जानें इस मामले में पुलिस ने किस आधार पर कार्रवाई की है और ऐसे मामलों के लिए कानून में क्या प्रावधान है.

मामला ग्वालियर के पटेल नगर-सिटी सेंटर इलाके का बताया जा रहा है. सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें व्हाइट कलर की Maruti Swift पर करीब 3,400 लिपस्टिक किस मार्क नजर आ रहे थे. बताया गया कि इस वीडियो को बनाने में करीब साढ़े तीन घंटे लगे और लिपस्टिक पर करीब 800 से 900 रुपये खर्च हुए. वीडियो में कार को सड़क पर तेज रफ्तार में चलाते हुए दिखाया गया. देखते ही देखते इस रील को करीब एक दिन में 55 लाख यानी 5.5 मिलियन व्यूज मिल गए.

रील वायरल होने के बाद ग्वालियर ट्रैफिक पुलिस की नजर भी इस पर पड़ गई. वीडियो में कार का रजिस्ट्रेशन नंबर साफ दिखाई दे रहा था, जिसकी मदद से पुलिस ने कार की पहचान कर ली. इसके बाद कार को थाटीपुर इलाके से ढूंढकर ट्रैफिक पुलिस स्टेशन लाया गया. कार के मालिक आदित्य सिकरवार को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया.

पुलिस का कहना है कि, वायरल वीडियो में कार को तेज रफ्तार में चलाया जा रहा था. इसके अलावा पूरी कार पर बड़ी संख्या में लिपस्टिक के निशान लगाए गए थे, जिससे कार का मूल डिजाइन काफी बदल गया था. मोटर व्हीकल एक्ट के तहत वाहन में ऐसा बदलाव, जो उसकी पहचान, सेफ्टी या सड़क पर चलने की स्थिति को प्रभावित करता है, कार्रवाई का कारण बनता है. कार को किसी भी एक्टर्नल मैटेरियल से ढकना या किसी भी तरह के अनिधिकृत मॉडिफिकेशन से वाहन के डिज़ाइन में बदलाव करना भी गैरकानूनी है.

तेज या लापरवाही से वाहन चलाने का मामला भी अलग से परेशानी खड़ी कर सकता है, खासकर तब जब उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर सार्वजनिक किया गया हो. इसी आधार पर ट्रैफिक पुलिस ने इस मामले में अलग-अलग धाराओं के तहत करीब 5,500 रुपये का चालान किया है.

पूछताछ में आदित्य ने पुलिस को बताया कि इस पूरे आइडिया के पीछे उसकी एक महिला दोस्त थी. सोशल मीडिया के ट्रेंड को देखते हुए दोनों ने कार को ‘Kissing Car’ बनाने का फैसला किया था. आदित्य ने माना कि उसने वीडियो को इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया था, लेकिन उसे अंदाजा नहीं था कि यह स्टंट उसके लिए इतनी बड़ी कानूनी परेशानी खड़ी कर सकता है.

पुलिस की कार्रवाई के बाद आदित्य ने अपनी गलती स्वीकार की, चालान भरा और पुलिस स्टेशन परिसर में खुद कार को धोकर लिपस्टिक के निशान साफ किए. यानी जिस कार को वायरल होने के लिए हजारों किस से सजाया गया था, उसे आखिरकार पुलिस स्टेशन में ही साफ करना पड़ा. इस घटना के बाद आदित्य ने अपना Instagram अकाउंट भी ब्लॉक कर दिया.

पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए सड़क पर इस तरह के स्टंट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. पुलिस का कहना है कि कुछ सेकेंड की वायरल रील के लिए ट्रैफिक नियमों और सड़क पर दूसरे लोगों की सुरक्षा से समझौता नहीं किया जा सकता.