शहीद की पत्नी ने CM को बांधी राखी, CM साय ने कहा- प्रेम और विश्वास का प्रतीक है भाई-बहन का रिश्ता

रायपुर के इंडोर स्टेडियम में ‘स्नेह की डोर विष्णु भैया मोर’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। इस दौरान मंत्री केदार कश्यप, विधायक सुनील सोनी और विधायक पुरंदर मिश्रा भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान शहीद वीर जवान युगल किशोर वर्मा की पत्नी माधुरी वर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को राखी बांधी। इस भावुक पल ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को भाव-विभोर कर दिया। मुख्यमंत्री ने भी इस आत्मीय पहल को भाई-बहन के रिश्ते की भावना से जोड़ा।

कार्यक्रम में स्कूली बच्चियों ने CISF, BSF और छत्तीसगढ़ पुलिस के करीब 800 जवानों को राखी बांधी। बच्चियों और सुरक्षा जवानों के बीच रक्षाबंधन का यह आयोजन देश की सुरक्षा में तैनात जवानों के प्रति सम्मान और अपनत्व का संदेश देता नजर आया।

कार्यक्रम में मूकबधिर और दिव्यांग बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उत्साह और भावनात्मक जुड़ाव का माहौल बना दिया।

इसी कार्यक्रम के दौरान जिला प्रशासन की पांच योजनाओं और प्रोजेक्ट का शुभारंभ भी किया गया। इससे कार्यक्रम में सामाजिक सरोकार के साथ विकास कार्यों का भी संदेश दिया गया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि केंद्रीय सुरक्षा बलों के जवानों के बीच बहनों को राखी बांधते हुए देखना उनके लिए अद्भुत अनुभव है। उन्होंने कहा कि भाई-बहन का पवित्र रिश्ता प्रेम और विश्वास का प्रतीक है। बहनें भाइयों की कलाई पर राखी बांधती हैं और भाई उनकी आजीवन रक्षा का वचन देते हैं।