बासी समोसे की शिकायत पर ग्राहक को पीटा, होटल संचालक ने साथियों संग ग्राहक पर बरसाए मुक्के

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के तखतपुर थाना क्षेत्र में खराब समोसा परोसने को लेकर विवाद के बाद युवक से मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक होटल संचालक ने अपने कर्मचारियों के साथ मिलकर युवक की पिटाई कर दी। मामले में पुलिस ने होटल संचालक प्रकाश देवांगन के खिलाफ केस दर्ज किया है।

बताया जा रहा है कि विवाद सत्यम स्वीट्स में समोसा परोसने को लेकर शुरू हुआ। युवक ने होटल में परोसे गए समोसे की गुणवत्ता को लेकर आपत्ति जताई थी। इसी बात को लेकर होटल संचालक और युवक के बीच विवाद बढ़ गया।

होटल कर्मचारियों के साथ मिलकर युवक को पीटने का आरोप

आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद होटल संचालक प्रकाश देवांगन ने अपने कर्मचारियों के साथ मिलकर युवक के साथ मारपीट की। घटना के बाद मामले की शिकायत पुलिस तक पहुंची।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर होटल संचालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।