भोटेकोशी की आपदा में 100 चाइनीज नागरिक लापता, तबाही देख जिनपिंग भी दहल गए
तिब्बत के गिरोंग काउंटी में आए भीषण लैंडस्लाइड और बाढ़ के बाद चीन के भी 100 नागरिक लापता हैं. चीन के विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को बताया कि नेपाल में ज़बरदस्त भूस्खलन और बाढ़ से प्रभावित इलाके में चीन के लगभग 100 नागरिक लापता हैं.
बीजिंग में एक रेगुलर प्रेस कॉन्फ्रेंस में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिन जियान ने कहा कि लापता चीनी नागरिकों में पर्यटक, तीर्थयात्री और अन्य लोग शामिल हैं. चीन, नेपाल के साथ मिलकर खोज और बचाव अभियान पर लगातार संपर्क बनाए हुए है और संबंधित दूतावासों को भी स्थिति की जानकारी दे रहा है. जब लापता विदेशियों की राष्ट्रीयता के बारे में विस्तार से पूछा गया, तो लिन ने कहा कि इस बारे में सटीक जानकारी की अभी पुष्टि की जा रही है.
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने बुधवार सुबह दक्षिण-पश्चिम चीन के शिजैंग ऑटोनॉमस रीजन में गिरोंग बॉर्डर पोर्ट पर मडस्लाइड (कीचड़ और मलबे का बहाव) के कारण हुए नुकसान के बाद लापता लोगों की खोज और बचाव के लिए हर संभव कोशिश करने का आदेश दिया है. शी ने खतरे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने और घायलों को समय पर इलाज देने की बात कही ताकि नुकसान को कम किया जा सके.
उन्होंने गिरोंग काउंटी में पोर्ट पर मडस्लाइड आने और उससे हुए भारी नुकसान के बाद ये निर्देश दिए.
प्रधानमंत्री ली कियांग ने भी निर्देश जारी किए हैं. जिसमें लापता और प्रभावित लोगों की संख्या की तुरंत पुष्टि करने और बचाव व राहत के लिए हर संभव प्रयास करने को कहा गया.
CPC सेंट्रल कमेटी के पॉलिटिकल ब्यूरो की स्टैंडिंग कमेटी के सदस्य ली ने विदेश मंत्रालय को निर्देश दिया कि वे संबंधित देशों के साथ बातचीत और तालमेल बेहतर करें, तुरंत जानकारी साझा करें और बचाव व राहत कार्यों को ठीक से संभालने के लिए मिलकर काम करें.
CPC सेंट्रल कमेटी के पॉलिटिकल ब्यूरो के सदस्य और उप-प्रधानमंत्री झांग गुओकिंग ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ घटनास्थल का दौरा किया और बचाव व आपदा-प्रबंधन कार्यों का मार्गदर्शन किया.
