छत्तीसगढ़ में मानसून फिर एक्टिव, बीजापुर-बिलासपुर समेत इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
27 अगस्त को छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ आंधी, तेज हवाएं और बिजली गिरने की संभावना है. सुकमा, बीजापुर, बस्तर, रायगढ़ और बिलासपुर समेत कई जिलों में अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग के अनुसार 28 और 29 अगस्त को भी बारिश का दौर जारी रहेगा. इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है. खराब मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने और जरूरी सवाधानी बरतने की सलाह दी गई है.
मौसम विभाग ने 27 अगस्त को राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है. वहीं, कुछ इलाकों में आंधी-तूफान और बिजली कड़कने के साथ भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है.
मौसम विभाग के चेतावनी के अनुसार, सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में आंधी-तूफान, बिजली कड़कने, बारिश और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से अचानक तेज हवाएं चलने की संभावना है.
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. इसके अलावा, एक-दो जगहों पर भारी बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने की भी आशंका है. राज्य के कई इलाकों में दो दिनों के बाद भी हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है. कुछ जगहों पर आंधी-तूफान और बिजली कड़कने के साथ भारी बारिश का भी अनुमान है.
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिणी उत्तर प्रदेश और उससे सटे उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बना है. इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से लगभग 4.5 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है. इसके अलावा, मानसून ट्रफ जम्मू, देहरादून, शाहजहांपुर और दक्षिणी उत्तर प्रदेश व उससे सटे उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश के ऊपर बने कम दबाव वाले क्षेत्र के केंद्र से होकर रांची और आगे उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी की ओर जा रही है.
28 अगस्त को कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. साथ ही, एक-दो जगहों पर भारी बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने की भी आशंका है. वहीं, 29 अगस्त को बारिश का दायरा बढ़ने की उम्मीद है, जिससे राज्य के ज्यादातक हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होगी, जबकि कुछ अलग-थलग इलाकों में भारी बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है.
