फ्लाइट में चढ़े पिता, सामने एयर होस्टेस की ड्रेस में खड़ी थी बेटी…
कहते हैं, पिता के लिए बेटी उसकी आंखों का तारा होती है. दुनिया में सबसे चहेती होती है पापा की बेटी. सोचिए, उस पिता के लिए वह पल कैसा होगा, जिसकी गोद में खेलने वाली और उसके कंधों पर बैठकर घूमने वाली बेटी अब हजारों फीट की ऊंचाई पर उड़ने वाले विमान में एयर होस्टेस के तौर पर काम कर रही हो. और पिता को यह बात अचानक महसूस हो, तो उस पल का एहसास कैसा होगा.
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो कुछ ऐसा ही भावुक पल दिखाता है. वीडियो में एक पिता फ्लाइट में चढ़ते नजर आते हैं. उन्हें बिल्कुल भी अंदाजा नहीं होता कि अंदर उनके लिए एक बड़ा सरप्राइज इंतजार कर रहा है. दरअसल, जिस फ्लाइट से वह सफर करने वाले थे, उसी में उनकी बेटी एयर होस्टेस के तौर पर काम कर रही थी. खास बात यह थी कि पिता ने अपनी बेटी को पहले कभी सामने से एयर होस्टेस की यूनिफॉर्म में नहीं देखा था.
श्वेता पांडे ने इस खूबसूरत पल का वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया है. वीडियो में उनके पिता फ्लाइट के अंदर आते दिखाई देते हैं. इसी दौरान श्वेता उनके सामने पहुंचती हैं और उन्हें गले लगाने के लिए हाथ फैला देती हैं.
लेकिन पिता कुछ सेकंड के लिए हैरान रह जाते हैं. एयर होस्टेस की यूनिफॉर्म में खड़ी लड़की को देखकर वह अपनी बेटी को तुरंत पहचान नहीं पाते. वह एक कदम पीछे हटते हैं और फिर गौर से उन्हें देखने लगते हैं.
कुछ ही सेकंड बाद जब उन्हें समझ आता है कि सामने खड़ी एयर होस्टेस उनकी अपनी बेटी है, तो उनका रिएक्शन पूरी तरह बदल जाता है. वह तुरंत आगे बढ़ते हैं और बेटी को कसकर गले लगा लेते हैं. इसके बाद दोनों का यह पल बेहद भावुक हो जाता है.
वीडियो में आगे पिता और बेटी की एक सेल्फी भी दिखाई गई है. साथ ही, उस बर्थडे कार्ड की झलक भी दिखाई देती है, जो श्वेता ने अपने पिता को दिया था.
पिता के लिए इससे खूबसूरत सरप्राइज क्या होगा… ❤️✈️
पिता को बिल्कुल पता नहीं था कि जिस फ्लाइट में वह सफर कर रहे हैं, उसकी Cabin Crew में उनकी अपनी बेटी है।
जैसे ही बेटी सामने आई, पापा की आँखें भर आईं… 🥹❤️
बेटी ने झुककर पिता के पैर छुए, आशीर्वाद लिया और फिर उन्हें जन्मदिन का… pic.twitter.com/16ZbysxaRt— मंगलम तिवारी (@MahamangalT) August 28, 2026
वीडियो शेयर करते हुए श्वेता ने बताया कि उनके पिता को बिल्कुल भी नहीं पता था कि वह उसी फ्लाइट में मौजूद हैं. यह पहली बार भी था, जब पिता ने उन्हें सामने से एयर होस्टेस की यूनिफॉर्म में देखा था.
यह प्यारा वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत रहा है. लोग पिता की आंखों में बेटी को देखकर झलक रहे गर्व और खुशी की बात कर रहे हैं. एक यूजर ने लिखा, “क्या आपने पिता के छिपे हुए आंसू देखे?” वहीं, किसी ने इसे पिता की आंखों में छिपे गर्व के आंसुओं वाला पल बताया, जबकि दूसरे ने इसे इंटरनेट का सबसे खूबसूरत वीडियो कहा.
