Share Market : बाजार में गिरावट; सेंसेक्स 200 अंक से अधिक लुढ़का, निफ्टी भी कमजोर
भारतीय शेयर बाजार में सोमवार को सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट दर्ज की गई। पश्चिम एशिया में नए सिरे से तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के कारण बाजार पर दबाव पड़ा। वैश्विक बाजारों में कमजोर रुझान और विदेशी पूंजी की निकासी ने भी निवेशकों की धारणा को नुकसान पहुंचाया। सोमवार सुबह रुपया भी डॉलर के मुकाबले 13 पैसे कमजोर होकर 95.56 पर आ गया।
30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 226.60 अंक गिरकर 77,028.56 पर पहुंच गया। वहीं, 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 120.40 अंक लुढ़ककर 24,053.55 पर कारोबार करता दिखा। सेंसेक्स की 30 कंपनियों में इंफोसिस, टाटा स्टील, इंटरग्लोब एविएशन, बजाज फाइनेंस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और टाइटन प्रमुख पिछड़ने वाले शेयरों में शामिल थे। हालांकि, एचडीएफसी बैंक दो फीसदी से अधिक चढ़ा, जबकि कोटक महिंद्रा बैंक और भारती एयरटेल भी बढ़ने वाले शेयरों में रहे। वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 2.33 फीसदी बढ़कर 90.19 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।
