मेसी ने इंटरनेशनल फुटबॉल से संन्यास लिया, लिखा- यह फैसला बेहद मुश्किल और दर्दनाक

स्टार फुटबॉलर लियोनेल मेसी ने इंटरनेशनल फुटबॉल को अलविदा कह दिया है। उन्होंने सोमवार को सोशल मीडिया पर हाथ से लिखे नोट की तस्वीर के साथ संन्यास का ऐलान किया। 39 साल के मेसी ने बताया कि फाइनल के 2 दिन बाद 21 जुलाई को ही उन्होंने संन्यास का फैसला लिख लिया था। उनका आखिरी मैच वर्ल्ड कप फाइनल था, जिसमें अर्जेंटीना को स्पेन से हार मिली थी।

मेसी ने लिखा कि उनके पिता जॉर्ज मेसी की मौत के बाद उन्हें लगा कि अर्जेंटीना के लिए करियर खत्म करने का यही सही समय है।’ जॉर्ज मेसी का 8 अगस्त को सेंट्रल अर्जेंटीना के रोसारियो शहर के एक अस्पताल में निधन हुआ था। वे 68 साल के थे।

मेसी ने लिखा, ‘यह फैसला लेना तकलीफदेह था और आज भी दिल के अंदर तक दुख देता है, लेकिन मैं समझता हूं कि अब समय आ गया है। मैंने हमेशा अपना सब कुछ दिया है। सिर्फ उन पिछले कुछ सालों में नहीं, जब हमने सब कुछ जीता, बल्कि उससे पहले भी।’

मैंने इस जर्सी के लिए हमेशा संघर्ष किया। मैदान पर अपना सब कुछ छोड़ा, ताकि आपको खुशी दे सकूं। फुटबॉल के जरिए आपको अर्जेंटीनियन होने पर गर्व महसूस करा सकूं।
समय कम बचा है और अध्याय खत्म होते हैं। यह भी ऐसा ही एक अध्याय है, जो मुझे बहुत दुख देता है। मुझे राष्ट्रीय टीम का हिस्सा बनना पसंद था, पसंद है और हमेशा रहेगा।
मैंने अपने पास मौजूद सब कुछ दे दिया है। अब मेरे पास देने के लिए कुछ नहीं बचा है। इसके अलावा, कई बेहतरीन युवा खिलाड़ी आ रहे हैं, जो यहां होने के हकदार हैं।

 

मेसी ने अपने पिता की मौत के बाद एक पोस्ट में लिखा था कि उन्हें इस बात को लेकर ‘काफी संदेह’ था कि वे ज्यादा समय तक अर्जेंटीना के लिए खेल पाएंगे या नहीं।

उन्होंने स्पेन के खिलाफ वर्ल्ड कप फाइनल में अपने प्रदर्शन को लेकर भी लिखा था, ‘मेरे पैर अब आगे नहीं बढ़ पा रहे थे। इस बार मैंने अपनी शारीरिक सीमाओं से आगे जाने की कोशिश की, लेकिन मैं ऐसा नहीं कर सका।’

मेसी ने अर्जेंटीना के फैंस को पिछले 20 साल के प्यार के लिए शुक्रिया कहा। उन्होंने लिखा, ‘मुझे मैदान से आपकी आवाज सुनना बहुत याद आएगा। अब मैं आप ही में से एक रहूंगा और बाहर से टीम का समर्थन करूंगा, अच्छे समय में भी और बुरे समय में भी, खासकर बुरे समय में।’

मेसी ने अपने परिवार को साथ देने के लिए धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि यह सफर बहुत खूबसूरत और मुश्किल रहा। मेसी ने हर कोच, साथी खिलाड़ी और अधिकारी को भी धन्यवाद दिया, जिनके साथ उन्होंने यह सफर तय किया। उन्होंने लिखा कि वे अपने साथ कभी न भूलने वाली यादें और पल लेकर जा रहे हैं।

मेसी ने कहा, ‘मैं इस शांति और गर्व के साथ जा रहा हूं कि मैंने अपने साथियों के साथ मिलकर आपको वे पल दिए, जिनका हमने कभी सिर्फ सपना देखा था। आप सभी के साथ यह अनुभव जीना शानदार रहा। मैं आपसे प्यार करता हूं।’ उन्होंने अंत में लिखा, “मुझे अर्जेंटीनियन बनाने के लिए धन्यवाद, भगवान! लेट्स गो, अर्जेंटीना!’

मेसी अपने देश के सबसे ज्यादा गोल करने वाले और सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने 2005 में अर्जेंटीना के लिए डेब्यू किया था। वे टीम के लिए 6 वर्ल्ड कप खेले चुके हैं।

मेसी ने 2022 में कतर में अर्जेंटीना को वर्ल्ड कप जिताया। अर्जेंटीना तीसरा वर्ल्ड कप जीता था और 36 साल का सूखा खत्म किया। मेसी ने 2021 कोपा अमेरिका जीतकर अर्जेंटीना का 28 साल का ट्रॉफी सूखा भी खत्म किया था।