मुंबईकर ध्यान दें, आज से ऑटो का किराया 1 रुपये, तो टैक्सी का किराया 2 रुपये हुआ महंगा

मुंबई : आज से ऑटो और टैक्सी से यात्रा करने वाले यात्रियों की जेब भारी हो जाएगी। क्योंकि आज से ऑटो का किराया 1 रुपये, तो टैक्सी का किराया 2 रुपये बढ़ गया है। टैक्सी का किराया जो अब तक 31 रुपये था, वो अब 2 रुपये बढ़कर 33 हो गया है। वहीँ ऑटो का किराया जो 26 था, वो1 रुपये बढ़ाकर 27 हो गया है । इसी के साथ ही शेयरिंग ऑटो का भी 1 रुपये बढ़ गया है। यह बेस फेयर है (पहले 1.5 किलोमीटर की यात्रा के लिए लागू) । पिछली बार 1 फरवरी 2025 को किराया बढ़ाया गया था, यानी करीब 18 महीने बाद एक बार फिर राइड महंगी हो गई है।

खटुआ समिति के फार्मूले के अनुसार टैक्सी का प्रति किलोमीटर किराया मौजूदा 20.66 रुपये से बढ़कर 21.90 रुपये हो गया है । वहीं, ऑटो का प्रति किलोमीटर किराया 17.14 रुपये से बढ़कर 18.22 रुपये तय किया गया है। सरकार का कहना है कि फरवरी 2025 में पिछले किराया संशोधन के बाद से सीएनजी की कीमत करीब 8 रुपये यानी 10.25 प्रतिशत बढ़ी है। इसके अलावा वाहनों की लागत, गाड़ियों के लोन पर ब्याज और सरकारी रेवेन्यू में बदलाव को भी किराया तय करते समय ध्यान में रखा गया है।

सभी रिक्शा और टैक्सी के इलेक्ट्रॉनिक मीटर को नए किराये के अनुसार रिकैलिब्रेट करना जरूरी है। इसके लिए 30 नवंबर तक की समय सीमा दी गई है। इसके बाद मीटर अपडेट नहीं कराने वाले ड्राइवरों पर जुर्माना लगाया जा सकता है। मिली जानकारी के अनुसार, मुंबई महानगर क्षेत्र परिवहन प्राधिकरण (एमएमआरटीए) ने सभी ड्राइवर को मीटर रीकैलिब्रेट होने तक आधिकारिक टैरिफ कार्ड लेकर चलने के लिए कहा है, जो वो आरटीओ से ले सकते है। यह 3 महीने लागू रहेगा।