Share Market : सेंसेक्स 788 अंक और निफ्टी 269 अंक तक लुढ़का
नई दिल्ली। भारतीय शेयर बाजार में बुधवार की सुबह बड़ी बिकवाली देखने को मिली। शानदार घरेलू आर्थिक विकास (जीडीपी) के आंकड़ों की खुशी पर पश्चिम एशिया में भड़कती जंग के साये ने पानी फेर दिया। पश्चिम एशिया (विशेष रूप से अमेरिका-ईरान संघर्ष) में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और कच्चे तेल की आसमान छूती कीमतों ने वैश्विक बाजारों में ऐसा डर पैदा किया कि घरेलू निवेशकों ने भी ताबड़तोड़ बिकवाली की। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 788.52 अंक गिरकर 76,155.76 पर आ गया; निफ्टी 269 अंक गिरकर 23,786.80 पर पहुंच गया। शुरुआती कारोबार में रुपया डॉलर के मुकाबले 2 पैसे गिरकर 94.97 पर आ गया।
बैंकिंग और बाजार मामलों के विशेषज्ञ अजय बग्गा के मुताबिक, वैश्विक स्तर पर ‘रिस्क ऑफ’ (सुरक्षित संपत्तियों की तरफ जाने) का माहौल बन गया है। ईरान युद्ध में बढ़ते तनाव के चलते कच्चे तेल (ब्रेंट क्रूड) की कीमतों में रातों-रात 5% का तगड़ा उछाल आया, जिससे ब्रेंट क्रूड 96 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर पहुंच गया। इस अचानक आए उछाल से पूरी दुनिया में महंगाई (इन्फ्लेशन) लंबे समय तक ऊंचे स्तर पर बने रहने की आशंका बढ़ गई है। इसके चलते वैश्विक स्तर पर बॉन्ड यील्ड्स खतरे के संकेत दे रहे हैं। इसके अलावा, यूरोपियन सेंट्रल बैंक (ईसीबी) और बैंक ऑफ जापान (बीओजे) द्वारा इसी महीने ब्याज दरें बढ़ाने की संभावना है, जिससे वैश्विक स्तर पर ब्याज दरें बढ़ने की चिंताएं तेज हो गई हैं।
