लखनऊ में 10 फीट गहरे गड्ढे में गिरे बाइक सवार, पूर्व डिप्टी CM के आवास के सामने हुआ हादसा
लखनऊ में बुधवार को आईटी चौराहे से पहले मुख्य मार्ग पर अचानक सड़क धंस गई। सड़क के बीचोंबीच 10 फीट से ज्यादा गहरा गड्ढा हो गया। इसी दौरान एक बाइक सवार दो भाई गड्ढे में जा गिरे। जिससे वो गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने उन्हें बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सड़क का यह हिस्सा पूर्व डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा के आवास के ठीक सामने है। ऊपर से मेट्रो लाइन भी गुजर रही है। गड्ढ़े की सूचना के बाद 8 से 9 घंटे के अंदर ही पीडब्ल्यूडी की टीम ने उसे मिट्टी डालकर ढंक भी दिया।
घटना की सूचना मिलते ही PWD के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल को बैरीकेड कर दिया गया है, ताकि वाहन गड्ढे की चपेट में न आएं। बैरीकेडिंग के कारण मुख्य मार्ग पर यातायात भी प्रभावित हुआ है।
आईटी चौराहे के पास सड़क धंसने के मामले में PWD के अधिशासी अभियंता सत्येंद्र नाथ ने बताया कि सड़क के नीचे से सीवर लाइन गुजर रही है। इसके अलावा मेट्रो के पिलर से पानी का रिसाव भी हो रहा है। रिसाव के कारण मिट्टी धंसने से सड़क पर गड्ढा बना है।
उन्होंने बताया कि इस स्थान पर पहले भी सड़क धंसने की समस्या सामने आ चुकी है। फिलहाल गड्ढे की मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, सीवर लाइन और मेट्रो पिलर से पानी का रिसाव सड़क धंसने की मुख्य वजह है।
इस सड़क के धंसने का मामला नया नहीं है। सितंबर 2024 में भी इसी स्थान के आसपास सड़क अचानक धंस गई थी। उस समय करीब 20 फीट चौड़ा और 8 फीट गहरा गड्ढा बन गया था। घटना के बाद पीडब्ल्यूडी ने सड़क की खुदाई कराई थी। उस दौरान सड़क के नीचे ड्रेनेज लाइन में लीकेज की आशंका जताई गई थी और इसकी जांच भी की गई थी।
2024 में सड़क धंसने के बाद पीडब्ल्यूडी ने मरम्मत का काम कराया था। सड़क को दोबारा ठीक करने में करीब एक महीने का समय लगा था। इसके बावजूद अब उसी जगह दोबारा सड़क धंसने से सड़क की गुणवत्ता और मरम्मत कार्य पर सवाल उठने लगे हैं।
