जूनियर हॉकी एशिया कप-भारतीय मेंस टीम की लगातार दूसरी जीत, साउथ कोरिया को 7-3 से हराया

भारतीय मेंस टीम ने जूनियर हॉकी एशिया कप में लगातार दूसरी जीत दर्ज की। टीम ने मंगलवार को चीन के मोकी में खेले गए पूल-A के मुकाबले में साउथ कोरिया को 7-3 से हराया। भारत ने आखिरी क्वार्टर में तीन गोल दागकर मुकाबला अपने नाम किया। कप्तान अनमोल एक्का ने दो गोल किए। इस जीत के साथ डिफेंडिंग चैंपियन भारत के तीन मैचों में 7 पॉइंट्स हो गए हैं। भारत बुधवार को चाइनीज ताइपे को हराकर सेमीफाइनल में जगह पक्की कर सकता है।

भारत ने 5वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर अनमोल एक्का के गोल से बढ़त बनाई। साउथ कोरिया ने अगले ही मिनट दोहयोन चोई के पेनल्टी कॉर्नर गोल से स्कोर 1-1 कर दिया।

18वें मिनट में लवेनूर सिंह ने फील्ड गोल कर भारत को 2-1 से आगे किया, लेकिन अगले ही मिनट ह्योगुक यू ने पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल कर स्कोर बराबर कर दिया। 20वें मिनट में अजीत यादव ने गोल कर भारत को हाफ-टाइम तक 3-2 की बढ़त दिलाई।

ह्योगुक यू ने 36वें मिनट में अपना दूसरा गोल कर साउथ कोरिया को 3-3 की बराबरी पर ला दिया। इसके बाद 42वें मिनट में प्रभदीप सिंह ने गोल कर भारत को फिर 4-3 से आगे कर दिया।
भारत ने आखिरी क्वार्टर में मुकाबले का रुख पूरी तरह बदल दिया। 55वें मिनट में गुरुसेवक सिंह ने गोल कर बढ़त 5-3 की। इसके एक मिनट बाद अनमोल एक्का ने पेनल्टी कॉर्नर पर अपना दूसरा गोल किया।

58वें मिनट में आर्यन एक्सेस ने भारत का सातवां गोल दागा। इस तरह भारत ने आखिरी क्वार्टर में तीन गोल कर 7-3 से मुकाबला जीत लिया।
कप्तान अनमोल एक्का इस टूर्नामेंट में अब तक 8 गोल कर चुके हैं। साउथ कोरिया के खिलाफ उन्होंने पेनाल्टी कॉर्नर से दो गोल किए और भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई।

भारत के 3 मैचों में 2 जीत और 1 ड्रॉ से 7 अंक हैं। टीम पूल-A में मजबूत स्थिति में है। आखिरी पूल मैच में बुधवार को चाइनीज ताइपे के खिलाफ जीत भारत की सेमीफाइनल में जगह पक्की कर देगी।

साउथ कोरिया के 6 अंक हैं। उसे अपने आखिरी मैच में जापान का सामना करना है।