अमेरिका पर 9/11 आतंकी हमले के सबसे बड़े सबूत को 25 साल दबाए रही FBI!

अमेरिका में हुए 9/11 के हमले को 25 साल होने वाले हैं, लेकिन दुनिया के सबसे बड़े आतंकी हमलों में से एक से जुड़ा एक रहस्य अब भी लोगों को चौंका रहा है. 2001 में अमेरिका पर हुए हमलों के कुछ ही दिनों बाद जांच एजेंसियों के हाथ ऐसे वीडियो और डॉक्यूमेंट लगे थे, जो एक संदिग्ध के अल-कायदा और सऊदी अरब के सरकारी अधिकारियों से संबंधों की ओर इशारा करते थे. लेकिन ये सबूत जांच के बावजूद 25 साल दबे रहे. अब बीबीसी की रिपोर्ट सामने आई है जिसमें इन वीडियो ने उस पुराने मामले को फिर से चर्चा में ला दिया है. इस पुराने वीडियो में संदिग्ध एक ऐसे शख्स के साथ है जो आगे चलकर अल-कायदा का एक बड़ा नेता बना. इतना ही नहीं, उसके साथ सऊदी सरकार का एक अधिकारी भी दिखाई दे रहा है.

रिपोर्ट के अनुसार 9/11 हमले के पीड़ित परिवारों की ओर से दायर 1 लाख करोड़ डॉलर के मुकदमे के केंद्र में मौजूद ओमर अल-बायूमी के सऊदी अरब की सरकार के अधिकारियों से गहरे संबंध थे. वह अल-कायदा के भविष्य के एक बड़े नेता के साथ पेंटबॉल भी खेलता था और यह जानकारी बीबीसी को मिले एक वीडियो से सामने आई है. खास बता है कि ये वीडियो अमेरिकी जांच एजेंसी FBI के पास 2001 के 9/11 हमलों के कुछ ही दिनों बाद पहुंच गए थे. रिपोर्ट के अनुसार वीडियो में दिख रही बातें ओमर अल-बायूमी के पिछले 25 सालों से किए जा रहे उन दावों से बिल्कुल अलग हैं, जिनमें वह खुद को चरमपंथी और सऊदी जासूस होने से इनकार करता रहा है.

अमेरिका में रहते समय बायूमी ने खुद को एक स्टूडेंट बताया था. लेकिन एक वीडियो में वह अनवर अल-अवलाकी को गले लगाता दिखाई दे रहा है. बाद में अवलाकी अरब प्रायद्वीप में अल-कायदा का नेता बना. एक दूसरे वीडियो में बायूमी और अवलाकी सैन डिएगो के पास पेंटबॉल खेलते दिख रहे हैं. उनके साथ सऊदी अरब के इस्लामिक मामलों के मंत्रालय का एक अधिकारी भी मौजूद है.

रिपोर्ट के अनुसार ये वीडियो 9/11 पीड़ित परिवारों की ओर से सऊदी अरब के खिलाफ दायर मुकदमे का हिस्सा हैं. इन्हें इससे पहले सार्वजनिक रूप से कभी नहीं दिखाया गया था. मुकदमे में आरोप लगाया गया है कि सऊदी अरब 9/11 हमलों में शामिल था. इसमें यह भी कहा गया है कि बायूमी ने उन 19 हाईजैकर्स में से दो की मदद की थी, जिन्होंने विमानों को हाईजैक कर न्यूयॉर्क के वर्ल्ड ट्रेड सेंटर और पेंटागन से टकराया था. एक और विमान पेंसिल्वेनिया में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था.

हमलों के कुछ दिनों बाद बायूमी को ब्रिटेन में मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने गिरफ्तार किया था. उसके सामान से ये वीडियो मिले थे. उसके सामान में कुछ और बेहद अहम सबूत भी मिले थे. इन सबूतों में एक विमान का बनाया हुआ एक चित्र भी शामिल था. उसके साथ विमान के नीचे आने से जुड़ा एक मैथ्स इक्वेशन लिखा हुआ था. कमाल की बात है कि बायूमी के खिलाफ कभी मुकदमा नहीं चलाया गया.