सीएम साय ने परिवार के साथ देखी ‘हनुमान अंश’, राज्यपाल, विधानसभा अध्यक्ष भी परिवार संग पहुंचे
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गुरुवार को रायपुर के जोरा मॉल स्थित सिनेमाघर में परिवार के साथ फिल्म ‘हनुमान अंश’ देखी। इस दौरान राज्यपाल रमेन डेका, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह भी परिवार के साथ मौजूद रहे। मंत्रिपरिषद के सदस्य, विभिन्न निगम-मंडल-आयोगों के अध्यक्ष भी फिल्म देखने पहुंचे। फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री साय ने ‘हनुमान अंश’ को छत्तीसगढ़ में टैक्स फ्री करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत, संत परंपरा से समाज को परिचित कराने वाली प्रेरणादायी फिल्में अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचनी चाहिए।
टैक्स फ्री होने से प्रदेश के ज्यादा दर्शक फिल्म देख सकेंगे। खासकर युवाओं को भारत की समृद्ध संत परंपरा, जीवन मूल्यों को जानने का अवसर मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की संत परंपरा ने समाज को सत्य, सेवा, करुणा, प्रेम, आध्यात्मिकता का मार्ग दिखाया है। संतों ने अपने जीवन, आचरण से मानवता, लोककल्याण का संदेश दिया है।
नीम करौली बाबा का जीवन इसी महान परंपरा का प्रेरणादायी उदाहरण है। उनका जीवन सिखाता है कि मानव सेवा ही ईश्वर की सच्ची सेवा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नीम करौली बाबा ने सरल शब्दों, सहज जीवन के जरिए प्रेम, सेवा, भक्ति का संदेश दिया। उनके विचारों में मानवता, सभी के प्रति समान भाव को सबसे अधिक महत्व दिया गया। उनका संदेश आज भी प्रासंगिक है। यह समाज को सकारात्मक दिशा देने की क्षमता रखता है।
मुख्यमंत्री साय ने फिल्म के निर्माता, निर्देशक, कलाकारों सहित पूरी टीम के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सिनेमा केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं है। इसके जरिए समाज तक विचार, संस्कार, प्रेरणा भी पहुंचाई जा सकती है।

भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत, संत परंपरा पर आधारित सकारात्मक फिल्में नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, परंपराओं, मानवीय मूल्यों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की सांस्कृतिक शक्ति हजारों साल पुरानी परंपराओं, जीवन मूल्यों में निहित है। सेवा, करुणा, सद्भाव, मानव कल्याण जैसे मूल्यों को आगे बढ़ाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
‘हनुमान अंश’ जैसी फिल्में इन मूल्यों को सरल, प्रभावी तरीके से समाज तक पहुंचाने का सराहनीय प्रयास हैं।
‘हनुमान अंश’ नीम करौली बाबा के जीवन, आध्यात्मिक यात्रा, सेवा, भक्ति के संदेश पर आधारित है। इस अवसर पर मंत्रिपरिषद के सदस्य, विभिन्न निगम-मंडल-आयोगों के अध्यक्ष सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
