Bank Holiday Today: आज बैंक जाने से पहले चेक करें लिस्ट! SBI-HDFC-ICICI की ब्रांच बंद
अगर आज बैंक की ब्रांच में जाकर कोई जरूरी काम निपटाने की तैयारी है तो पहले यह खबर पढ़ लें। 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी के कारण देश के कई शहरों में बैंकिंग ऑपरेशन बंद रहेंगे। यानी SBI, HDFC Bank, ICICI Bank, Axis Bank और PNB जैसे बैंकों की स्थानीय ब्रांच पर जाकर आप सामान्य काम नहीं करा पाएंगे। हालांकि डिजिटल बैंकिंग की वजह से ज्यादातर जरूरी लेनदेन घर बैठे किए जा सकते हैं। ऐसे में बैंक जाने से पहले यह देखना जरूरी है कि आपके शहर में आज ब्रांच खुली है या बंद।
RBI के बैंक हॉलिडे कैलेंडर के मुताबिक 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी, गणेश पूजा और कुछ क्षेत्रीय आयोजनों के कारण बैंक बंद रहेंगे। महाराष्ट्र में गणेश चतुर्थी का बड़ा ही महत्व है और ये महाराष्ट्र के बहुत बड़े पर्व-त्यौहार में आता है। ऐसे में महाराष्ट्र के कई शहरों में सभी सरकारी और प्राइवेट बैंक बंद हैं। इस छुट्टी का असर SBI, HDFC Bank, ICICI Bank, Axis Bank, Punjab National Bank समेत दूसरे सरकारी और प्राइवेट बैंकों की ब्रांच पर पड़ेगा।
14 सितंबर की छुट्टी ऐसे समय आई है जब बैंक ग्राहकों को लगातार छुट्टियों का सामना करना पड़ रहा है। 12 सितंबर को दूसरा शनिवार और 13 सितंबर को रविवार होने के कारण कई शहरों में बैंक ब्रांच लगातार तीन दिन बंद हैं। इसका मतलब है कि जिन ग्राहकों को ब्रांच में जाकर चेक, कैश जमा, दस्तावेज जमा करने या दूसरे ऑफलाइन काम कराने हैं, उन्हें अपने शहर की बैंकिंग छुट्टी देखकर अगली तारीख तय करनी होगी।
ब्रांच बंद होने का मतलब यह नहीं है कि बैंकिंग सेवाएं पूरी तरह बंद रहेंगी। UPI, नेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग के जरिए पैसे भेजने और प्राप्त करने जैसे कई काम किए जा सकते हैं। इसके अलावा ग्राहक ATM और कार्ड से जुड़े सामान्य काम भी कर सकते हैं। NEFT और RTGS जैसे डिजिटल फंड ट्रांसफर विकल्प भी उपलब्ध रहते हैं। हालांकि किसी बैंक की तकनीकी मेंटेनेंस या सिस्टम से जुड़ी समस्या होने पर सेवा अस्थायी रूप से प्रभावित हो सकती है।
