नागालैंड में जहरीली शराब पीने से 9 लोगों की मौत, छापेमारी में 470 बोतलें और बीयर कैन जब्त
नागालैंड के तुएनसांग जिले में पिछले तीन दिनों में जहरीली शराब पीने से नौ लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक ही परिवार के तीन सदस्य भी शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शराब पीने के बाद कुछ लोगों को सांस लेने में तकलीफ हुई और बाद में उनकी मौत हो गई। घटनाओं की जानकारी मिलने के बाद तुएनसांग पुलिस ने शहर और चेंदांग सैडल इलाके में व्यापक तलाशी और छापेमारी अभियान चलाया।
इस दौरान कई जगहों से शराब के पाउच, करीब 470 बोतल IMFL (इंडियन मेड फॉरेन लिकर) और बीयर के कैन जब्त किए गए। पुलिस के मुताबिक, तुएनसांग शहर और चेंदांग सैडल गांव में 10 और 11 सितंबर को मौतों की घटनाएं सामने आईं। शनिवार को तुएनसांग सिविल अस्पताल में भर्ती लोगों की मौत का पैटर्न सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
बयान में कहा गया है कि शुरुआती जांच के आधार पर सभी मौतों का शराब पीने से सीधा संबंध है और उसी के अनुसार जांच की जा रही है। वहीं, इस घटना के बाद शराब बेचने वाले परिवार के एक सदस्य ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। उसकी मौत के कारणों की अलग से जांच की जा रही है।
जांच में सामने आया कि मृतकों में से ज्यादातर ने तबीयत बिगड़ने से पहले शराब पी थी। इसके बाद उन्हें धुंधला दिखाई देना, तेज सिरदर्द, चक्कर, जी मिचलाना और उल्टी जैसी समस्याएं हुईं। परिवार वालों ने इन्हें अस्पताल में एडमिट करवाया, जहां इलाज के दौरान ये मौतें हुईं।
इस घटना के सामने आने के बाद राज्य पुलिस ने रेड अलर्ट जारी किया है और लोगों से अनजान या अनधिकृत स्रोतों से मिली शराब न पीने की अपील की है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि संदिग्ध शराब कहां से आई। क्योंकि, नागालैंड में शराब बैन है।
