150 फीट गहरे वॉटरफॉल में फंसे चार युवक, रेस्क्यू टीम ने बचाई जिंदगी, नागपुर से आए थे घूमने

छिंदवाड़ा : मोहखेड़ थाना क्षेत्र के ग्राम कुकड़ीखापा स्थित वॉटरफॉल में रविवार को नागपुर के चार युवक फंस गए। वॉटरफॉल की करीब 150 फीट गहरी जगह में युवकों के फंसे होने की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला सक्रिय हुआ। स्टेट कमांड सेंटर एवं पुलिस कंट्रोल रूम से मिली सूचना के बाद SDRF की रेस्क्यू टीम को मौके के लिए रवाना किया गया। टीम ने कठिन परिस्थितियों में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर चारों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। जानकारी के अनुसार नागपुर निवासी चार युवक कुकड़ीखापा वॉटरफॉल घूमने पहुंचे थे। इसी दौरान वे वॉटरफॉल के ऐसे हिस्से में फंस गए, जहां से वापस निकलना मुश्किल हो गया।

मौके पर पहुंची SDRF टीम ने स्थिति का जायजा लिया और सुरक्षित तरीके से युवकों तक पहुंचने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया। टीम ने सावधानीपूर्वक कार्रवाई करते हुए करीब 150 फीट गहराई से चारों युवकों को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाला। रेस्क्यू के बाद सभी युवकों की स्थिति सामान्य बताई गई।
रेस्क्यू किए गए युवकों की पहचान श्याम, अथर्व, मनीष और सतीश बावने के रूप में हुई है। सभी महाराष्ट्र के नागपुर के रहने वाले हैं। रेस्क्यू अभियान में कंपनी कमांडर गणेश कुमार धुर्वे के नेतृत्व में सैनिक राजा मर्सकोले, स्पर्श यादव, प्रवीण धुर्वे, सुमित शर्मा, दीपेंद्र बरकड़े, अजय धुर्वे और सचिन विश्वकर्मा शामिल रहे। टीम ने आवश्यक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचकर अभियान पूरा किया।

SDRF टीम की तत्परता और सुरक्षित रेस्क्यू ऑपरेशन के चलते वॉटरफॉल में फंसे चारों युवकों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। वहीं, प्रशासन ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि बारिश के महीने में खतरनाक जगहों पर नहीं जाएं। वहीं, प्रशासन ने लोगों से अपील करते हुए कहा वॉटरफॉल बरसात में खतरनाक हो सकते हैं।