केदारनाथ यात्रा फिर शुरू, बिना हेलमेट एंट्री नहीं

केदारनाथ यात्रा फिर से शुरू हो गई है। चीरवासा के पास क्षतिग्रस्त रास्ते से अब 200-200 यात्रियों को सुरक्षित आगे भेजा जा रहा है। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए बिना हेलमेट किसी को भी आगे जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। चीरवासा में करीब 100 मीटर का क्षेत्र डेंजर जोन में आता है। यहां कभी भी लैंडस्लाइड होने का खतरा बना हुआ है। वहीं, बिहार में 15 जिलों में 49.67 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हैं। राज्य की 5 नदियां खतरे के निशान के ऊपर बह रही हैं। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 22 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग ने यूपी के 72 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। राजस्थान में 17 सितंबर तक बारिश का अलर्ट जारी किया है। हिमाचल प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। हरियाणा के 8 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट है। पंजाब के 18 जिलों में आज बारिश की संभावना है।

सिक्किम के ग्यालशिंग जिले के रिंबी इलाके में भारी बारिश और लैंडस्लाइड के बाद 28 घरों के 128 लोगों को सुरक्षित जगह पहुंचाया गया है। सिक्किम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (SSDMA) के मुताबिक, 14 सितंबर को भारी बारिश और बाढ़ के बाद इलाके का दोबारा जायजा लिया गया।

इसके बाद लोगों को रिंबी ग्राम पंचायत केंद्र में शिफ्ट किया गया। सिंगलिटाम में सात प्रभावित परिवारों के लिए राहत केंद्र बनाया गया है। यहां 33 से ज्यादा लोग रह रहे हैं, जिनमें बुजुर्ग और बच्चे भी शामिल हैं।