मुसलमानों को निशाना बनाया जा रहा”… UCC को लेकर AIMIM चीफ़ ओवैसी का बयान

AIMIM के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने मध्य प्रदेश में प्रस्तावित समान नागरिक संहिता(UCC) को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने आरोप लगाया कि UCC समानता और एकरूपता के लिए नहीं, बल्कि देश के करीब 18 करोड़ मुसलमानों को निशाना बनाने के लिए लाया जा रहा है. ओवैसी ने कहा कि इसके जरिए संविधान में मिले धार्मिक स्वतंत्रता और अल्पसंख्यकों के अधिकारों को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है.

ओवैसी ने कहा कि संविधान के अनुच्छेद 25, 26 और 29 धार्मिक स्वतंत्रता और अल्पसंख्यकों के अधिकारों से जुड़े हैं. उनका आरोप है कि समान नागरिक संहिता लागू करने के पीछे इन संवैधानिक प्रावधानों को खत्म करने की मंशा है. उन्होंने सवाल उठाया कि मध्य प्रदेश में आदिवासी आबादी मुस्लिम आबादी से अधिक है, फिर भी उन्हें UCC से बाहर रखा गया है. ओवैसी ने कहा कि यदि कानून वास्तव में समान नागरिक संहिता के उद्देश्य से लाया जा रहा है तो इसका दायरा सभी समुदायों के लिए समान होना चाहिए.

ओवैसी ने आरोप लगाया कि UCC के जरिए हिंदू मैरिज एक्ट और तलाक से जुड़े प्रावधान गैर-हिंदुओं पर लागू किए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि मुस्लिम समाज विवाह, तलाक और संपत्ति के बंटवारे जैसे मामलों में अपने धार्मिक कानूनों के अनुसार व्यवस्था चाहता है. ओवैसी ने कहा कि किसी समुदाय ने यदि किसी कानून की मांग नहीं की है तो उस पर उसे लागू करने का क्या औचित्य है?

उन्होंने उत्तराखंड और गुजरात समेत अन्य राज्यों में लागू या प्रस्तावित UCC का जिक्र करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में भी इसी तरह की व्यवस्था लागू करने की तैयारी है. ओवैसी के मुताबिक इससे मुस्लिमों की धार्मिक स्वतंत्रता प्रभावित होगी और उनकी धार्मिक पहचान को खत्म करने की कोशिश होगी.

ओवैसी ने भाजपा शासित राज्यों में मस्जिदों और दरगाहों को नुकसान पहुंचाए जाने का आरोप भी लगाया. उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को लेकर मुस्लिम पर्सनल ला बोर्ड विरोध प्रदर्शन करने जा रहा है. सागर शराब कांड पर उन्होंने मुख्यमंत्री से सवाल करते हुए कहा कि सरकार को यह देखना चाहिए कि लोगों को शराब कौन उपलब्ध करा रहा है.

लव जिहाद के मुद्दे पर ओवैसी ने कहा कि यदि दो बालिग अपनी इच्छा से शादी करना चाहते हैं तो उन्हें रोकने वाले सरकार या अन्य लोग कौन होते हैं. उन्होंने कहा कि मोहब्बत को धर्म के चश्मे से नहीं देखा जाना चाहिए.

उत्तर प्रदेश की राजनीति पर ओवैसी ने कहा “एआईएमआईएम कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी, यह फिलहाल तय नहीं है. मेरी कोशिश होगी कि भाजपा की तीसरी बार सरकार न बने और इसके लिए हम सभी दलों के साथ गठबंधन के लिए तैयार हैं.” वहीं इंडिया गठबंधन को लेकर उन्होंने कहा कि उनकी ओर से खुला आफर है.