‘पढ़ाई का प्रेशर नहीं झेल सकती’; गाजियाबाद में दसवीं की छात्रा ने 15वीं मंजिल से लगाई छलांग
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से दसवीं की छात्रा के सुसाइड का मामला सामने आया है। छात्रा ने एक सुसाइड नोट छोडकर 15वीं मंजिल से छलांग लगा दी। सुसाइड नोट में उसने लिखा है कि मैं पढ़ाई का प्रेशर नहीं झेल सकती। पढ़ाई के दबाव के कारण सुसाइड कर रही हूं। उसने आगे लिखा कि मेरे आत्महत्या का दोष किसी पर नहीं है। इसकी जिम्मेदारी मेरी खुद की है। उसने माता-पिता के प्रति प्यार का भी इजहार किया। पढ़ाई के दबाव के कारण आत्महत्या का मामला शहर में चर्चा का विषय बन गया है। गाजियाबाद के विजयनगर थाना क्षेत्र के गौर सिद्धार्थम सोसाइटी की 15वीं मंजिल से छात्रा के कूदने का मामला सामने आया है। छात्रा के नीचे गिरते ही तेज आवाज हुई। गार्ड और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो वहां छात्रा को लहूलुहान स्थिति में देखा। घटना की जानकारी मिलते ही विजयनगर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू की गई।
बच्ची की मौत की खबर मिलते ही सोसायटी में रहने वाला परिवार भी ग्राउंड फ्लोर पर पहुंचा। वहां बच्ची की हालत देख उनकी स्थिति खराब हो गई। इस दौरान छात्रा के परिजन मौके का वीडियो बना रहे लोगों पर आक्रोशित हो गए। लोगों को इस प्रकार बच्ची का वीडियो बनाने से मना किया। पुलिस ने तुरंत छात्रा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
16 वर्षीय दसवीं कक्षा की छात्रा इंदिरापुरम के गौर सिद्धार्थम सोसाइटी में रहती थी। वह शहर के एक पब्लिक स्कूल में दसवीं कक्षा की छात्रा थी। मंगलवार शाम करीब 6:45 बजे छात्र फ्लैट की 15वीं मंजिल से कूद गई। नीचे गिरते ही उसका सिर फट गया। छात्रा का चेहरा और शरीर खून से सना हुआ था। मौके पर मौजूद लोगों ने कहा कि अचानक गिरने की आवाज सुनकर हम लोग मौके पर दौड़कर पहुंचे। गार्ड भी वहां आए। इसके बाद परिजन भी आ गए, लेकिन तब तक बच्ची की मौत हो चुकी थी।
पुलिस को मौके से दो पेज का सुसाइड नोट मिला है। इसमें छात्रा ने पढ़ाई के दबाव के कारण परेशान होने की बात लिखी है। पुलिस सुसाइड नोट और हैंडराइटिंग की जांच कर रही है। एसीपी कोतवाली उपासना पांडे ने मामले में कहा कि मंगलवार शाम करीब 7:00 बजे डायल-112 के जरिए विजयनगर पुलिस को गौर सिद्धार्थम सोसाइटी में छात्रा के गिरने की सूचना मिली। पुलिस छात्रा को अस्पताल लेकर गई। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
सुसाइड नोट में छात्रा ने परिजनों को लिखा कि आप सब लोग जो मेरी चिंता कर रहे हैं, अब नहीं करिए। अपनी जिंदगी खुशी-खुशी जिओ। मैं किसी को दोष नहीं देती। जितने भी मेरे दोस्त हैं, कृपया मेरी वजह से आप लोग अपनी जिंदगी खराब मत करो। मम्मी-पापा आप दोनों की एक और बेटी है। कृपया, मेरी वजह से उसका घर भविष्य खराब मत करना।
छात्रा ने आगे लिखा कि मौसा-मौसी जी, मामा-मामी, चाचा-चाची और नानी आप सभी खुश रहो। छोटी बहन को संबोधित करते हुए लिखा कि सॉरी यार तुम लोग भी मेरे बारे में ज्यादा मत सोचो और सफल बनो।
