CG : महतारी वंदन में बड़ा फर्जीवाड़ा! 542 अपात्र, 30 लाख की वसूली

बिलासपुर में महतारी वंदन योजना को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। जिले में योजना का लाभ ले रहीं 4 लाख 17 हजार 902 महिलाओं के दस्तावेजों की जांच की गई। इनमें 542 महिलाएं अपात्र पाई गईं। महिला एवं बाल विकास विभाग के मुताबिक अपात्र हितग्राहियों को दी गई सरकारी राशि की वसूली की जा रही है। अब तक करीब 30 लाख रुपए वापस लिए जा चुके हैं। इनमें ऐसी महिला हितग्राहियों के मामलों में उनके उत्तराधिकारियों से भी 7.60 लाख रुपए की वसूली की गई है, जिनकी मृत्यु हो चुकी थी।

महतारी वंदन योजना के तहत पात्र विवाहित, विधवा और तलाकशुदा महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपए सीधे उनके आधार लिंक बैंक खाते में डीबीटी के जरिए दिए जाते हैं। बिलासपुर जिले में अब तक 31 किश्तें जारी हो चुकी हैं और विभाग के अनुसार कुल 12.16 अरब रुपए की राशि वितरित की जा चुकी है।

वहीं, योजना के हितग्राहियों की केवाईसी भी कराई जा रही है। जिले में 4,17,902 महिलाओं में से 4,11,989 की केवाईसी पूरी हो चुकी है, यानी 98.58 प्रतिशत सत्यापन पूरा बताया गया है। बाकी हितग्राहियों पर भी विभाग की नजर है।