6 महीने के बच्चे को जबड़े में दबाकर भागा पिटबुल,VIDEO: बुआ की गोद से झपट्टा मार छीना

हरियाणा के सोनीपत में पिटबुल डॉग ने 6 महीने के बच्चे पर हमला कर दिया। बुआ की गोद में खेल रहे बच्चे को पिटबुल ने झपट्टा मारकर छीन लिया। इसके बाद पिटबुल बच्चे को जबड़े में दबाकर रास्ते पर घसीटकर सड़क किनारे ले गया। उसका एक हाथ अपने मुंह में दबा लिया। चिल्लाने की आवाज सुनकर दौड़े एक युवक ने पिटबुल के जबड़े में हाथ डालकर बच्चे को छुड़ाया। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। हमले के करीब 30 सेकेंड बाद पिटबुल बच्चे को छोड़ता है।

परिवार का कहना है कि पिटबुल ने बच्चे के चेहरे, मुंह और पेट पर काट लिया। बच्चे को बचाने के प्रयास में उसकी बुआ भी घायल हो गई। घटना के बाद पिटबुल ऑनर ने बच्चे को दिल्ली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से प्राथमिक इलाज के बाद उसे PGI रोहतक शिफ्ट कर दिया गया।

घटना 14 सितंबर की सोनीपत की सिक्का कॉलोनी की है। जिसका गुरुवार को सीसीटीवी फुजेट सामने आया है। सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि गली में बच्चा अपनी बुआ की गोद में नजर आ रहा है। इसी दौरान एक लड़का अपने घर का गेट खोलकर अंदर घुसने लगता है।

गेट खुलते ही उनका पालतू पिटबुल बाहर निकलकर युवती और बच्चे पर हमला करता नजर आ रहा है। युवती की गोद में झपट्टा मारकर पिटबुल बच्चे को सड़क पर गिरा देता है। युवती जैसे ही बच्चे को छुड़ाने की कोशिश करती है, पिटबुल पर भी हमला कर देता है।

 

पिटबुल के हमला करते ही आसपास बैठे लोग उसे बचाने का प्रयास करने लगते हैं। पिटबुल बच्चे को सड़क पर घसीटकर एक साइड ले जाता नजर आ रहा है। इसी दौरान दौड़कर पहुंचा एक युवक बच्चे को पिटबुल का जबड़ा पकड़कर छुड़ा लेता है।

बच्चे की दादी निर्मला देवी ने बताया कि पिटबुल के हमले में पोते के चेहरे, मुंह, हाथ पर गहरे घाव हो गए। कुत्ते ने उसके हाथ पर काट लिया। पड़ोसियों के सहयोग से उसे दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, मगर इसके बाद वहां खर्च बढ़ने लगा तो पड़ोसी उसे पीजीआई रोहतक ले आए।

निर्मला के अनुसार, बच्चे को 20 से ज्यादा टांके लगाए गए हैं। वहीं, कुत्ते के हमले में बेटी भी घायल हुई है। उसे इंजेक्शन लगाए गए हैं। निर्मला ने कहा, मैं पहले ही एक पोते को खो चुकी हूं। अब दूसरा पोता हुआ था। इसे भी पड़ोसियों के कुत्ते ने घायल कर दिया।

निर्मला का दावा है कि जिस घर से कुत्ता बाहर निकला, वहां दो पालतू कुत्ते हैं। वे कुत्तों को घर से बाहर निकलने से रोकने के पर्याप्त इंतजाम नहीं करते हैं। घर का गेट खुलते ही पिटबुल ने अचानक हमला किया है।