5वीं की बच्ची बोली- टीचर ने बैड टच किया:कहा- कॉपी चेक करते समय गंदे तरीके से छुआ
सक्ती जिले के चंद्रपुर तहसील अंतर्गत ग्राम मिरौनी के एक शासकीय स्कूल में पदस्थ शिक्षक पर कक्षा 5वीं की छात्रा के साथ कथित तौर पर गलत तरीके से छूने का गंभीर आरोप लगा है। छात्रा के परिजनों ने मामले को लेकर कलेक्टर और जिला शिक्षा अधिकारी के समक्ष लिखित शिकायत देकर जांच और कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के अनुसार, छात्रा ने आरोप लगाया है कि कॉपी चेक कराने के दौरान शिक्षक उसे कथित तौर पर गलत तरीके से छूते थे। छात्रा का यह भी कहना है कि जब वह और अन्य बच्चे शिक्षक से पढ़ाने के लिए कहते थे, तो उन्हें डांट दिया जाता था। परिजनों और ग्रामीणों ने शिक्षक पर स्कूल में पढ़ाई के दौरान मोबाइल फोन में व्यस्त रहने का भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि शिक्षक के इस रवैये से स्कूल की शैक्षणिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
शिकायत में स्कूल में कार्यरत एक महिला स्वीपर को लेकर भी आपत्ति जताई गई है। ग्रामीणों ने शिक्षक और स्वीपर महिला के स्कूल परिसर में एक साथ रहने और बाथरूम में जाने को लेकर सवाल उठाए हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है। स्कूल में कार्यरत रसोइया ने भी शिक्षक पर बच्चों की पढ़ाई पर पर्याप्त ध्यान नहीं देने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बच्चे शिक्षक के व्यवहार को लेकर उनसे अपनी बातें साझा करते हैं और पढ़ाई के लिए कहने पर उन्हें फटकार मिलने की बात बताते हैं।
ग्रामीणों की शिकायत में यह दावा भी किया गया है कि उक्त शिक्षक इससे पहले शासकीय प्राथमिक शाला डोमनपुर में पदस्थ थे, जहां भी उनके व्यवहार को लेकर शिकायतें सामने आई थीं और बाद में उनका स्थानांतरण किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए शिकायतकर्ताओं ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाने की मांग की है। वहीं, जिला शिक्षा अधिकारी ने शिकायत की जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की बात कही है।
फिलहाल शिक्षक पर लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। छात्रा द्वारा लगाए गए आरोपों की वास्तविकता जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
