डिप्टी सीएम विजय शर्मा के खिलाफ आपत्तिजनक कमेंट, 2 अलग-अलग केस में कवर्धा पुलिस का एक्शन
कवर्धा: सोशल मीडिया पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के खिलाफ आपत्तिजनक कमेंट करने पर पुलिस ने कार्रवाई की है. अभद्र एवं अश्लील कमेंट करने के मामले में कबीरधाम पुलिस ने दो अलग-अलग केस में 2 आरोपियों की गिरफ्तारी की है. साइबर थाना कबीरधाम ने आरोपी वरूण राजपूत और जित्तू चंद्रवंशी को न्यायालय के समक्ष पेश किया है.
पहला मामला साइबर थाना में दर्ज किया गया है. शिकायतकर्ता राकेश साहू ने आरोप लगाया कि उनके मित्र नरेश निर्मलकर ने फेसबुक पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा का फोटो पोस्ट किया गया था. इसी पोस्ट पर आरोपी वरूण राजपूत ने कथित रूप से आपत्तिजनक एवं अभद्र कमेंट किए. शिकायत और उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 296 और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67 के तहत अपराध दर्ज किया.
इसी तरह दूसरे मामले में प्रकरण में शिकायतकर्ता योगेश महाजन के अनुसार आरोपी जित्तू चंद्रवंशी ने उप मुख्यमंत्री के फोटो को फेसबुक स्टोरी पर लगाकर उसके संबंध में कथित रूप से आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणियां कीं. स्क्रीनशॉट सहित शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की.
पुलिस दोनों मामलों में संबंधित फेसबुक अकाउंट, कमेंट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की तकनीकी जांच कर रही है. कबीरधाम पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक इस्तेमाल करने की बात कही है. साथ ही किसी भी व्यक्ति के खिलाफ आपत्तिजनक या अपमानजनक टिप्पणी करने से बचने की अपील की है.
पुलिस के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन पर सोशल मीडिया गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है. एसडीओपी अखिलेश कौशिक के दिशा-निर्देशन और साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार शंकर राठौर के नेतृत्व में दोनों मामलों में वैधानिक कार्रवाई की गई.
