जमुई जैसा कांड अब समस्तीपुर में भी, लड़की से सरेराह छेड़खानी; हाथ मरोड़ा, गालियां दी
बिहार के जमुई में 10वीं की छात्रा के साथ हुई छेड़छाड़ के मामले में पुलिस का एक्शन जारी है. लेकिन पुलिसिया कार्रवाई के बीच राज्य के अलग-अलग हिस्सों से लड़कियों के साथ छेड़छाड़ के मामले लगातार सामने आ रहे हैं. ताजा मामला समस्तीपुर जिले से सामने आया है. जहां एक लड़की के साथ सरेराह छेड़छाड़ की गई. दो-तीन स्थानीय युवक न केवल लड़की को गलत तरीके से छू रहे हैं, बल्कि गाली-गलौज करते हुए उसके साथ बदतमीजी भी करते नजर आए. हैरत की बात यह है कि यह सब होता देख वहां मौजूद लोग हंसते नजर आए. समस्तीपुर में लड़की के साथ हुई छेड़छाड़ का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. जिसके बाद फिर से लड़कियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं.
मिली जानकारी के अनुसार यह घटना समस्तीपुर जिले के कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र अंतर्गत जगतसिंहपुर गांव की है. इस गांव में बांध बाइपास रोड पर एक लड़की के साथ कुछ युवकों द्वारा छेड़खानी, गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया गया. बुधवार देर शाम से इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ. वीडियो सामने आने के बाद समस्तीपुर पुलिस हरकत में आ गई है.
समस्तीपुर में लड़की से सरेराह छेड़खानी का वायरल वीडियो 56 सेकेंड का है. वीडियो में दिख रहा है कि एक लड़की सड़क पर खड़ी है. उसे कुछ लड़के परेशान कर रहे हैं. वो उनसे बचने की कोशिश करती है. लेकिन बनियान पहले एक लड़का बार-बार उसका हाथ पकड़ता दिख रहा है. लड़की के विरोध करने पर एक लड़का उसके मारने की कोशिश करता है.
जमुई जैसा कांड अब समस्तीपुर में भी, सुनसान सड़क पर लड़की से छेड़खानी, हाथ मरोड़ा, गालियां दी, वीडियो वायरल…
समस्तीपुर में जमुई जैसी घटना दोहरायी गयी, कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर में बांध बाइपास रोड पर एक लड़के के साथ जा रही लड़की को कुछ स्थानीय युवकों ने पकड़कर… pic.twitter.com/Js2zQZdhZf
— Samastipur Town (@samastipurtown) September 24, 2026
इस दौरान लड़की बार-बार कहती है कि मुझे छोड़ दो, लेकिन लड़के उसे जाने नहीं देते हैं. लड़की यह भी कहती है कि रूको मैं अपने भाई को बुलाती हूं. इस पर लड़के कहते हैं कि ठीक है बुलाओ.
समस्तीपुर में लड़की से सरेराह छेड़खानी करने वाले चारों आरोपियों को पुलिस ने गुरुवार सुबह गिरफ्तार कर लिया है. समस्तीपुर के प्रभारी सदर DSP ने बताया कि वायरल हो वीडियो में लड़की से छेड़खानी करते नजर आ रहे सभी चारों आरोपियों को गुरुवार सुबह उनके-उनके घर से गिरफ्तार किया गया है.
छेड़खानी केस में गिरफ्तार दो आरोपियों की पहचान विकास कुमार शर्मा, पिता सुधीर कुमार शर्मा, जगतसिंहपुर वार्ड-2 और राहुल कुमार, पिता अरूण कुमार पासवान, जगतसिंहपुर वार्ड-1 के रूप में हुई है. बताया जाता है कि विकास कुमार शर्मा पर शराब के कई केस भी पहले से दर्ज है.
बताया जा रहा है कि लड़की एक लड़के के साथ बांध बाइपास रोड से जा रही थी. इसी दौरान वह रास्ते में रुककर फोटो ले रही थी. आरोप है कि तभी आसपास के कुछ युवक वहां पहुंच गए और लड़की के साथ गाली-गलौज करने के साथ छेड़खानी और बैड टच किया. इस दौरान किसी ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है. एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने कहा कि मामला अतिसंवेदनशील है. आरोपियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा. पुलिस वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और पूरे मामले की जांच में जुटी है. फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो की सत्यता, घटना के स्थान और उसमें शामिल लोगों की पहचान की जांच कर रही है.
