एशियन गेम्स के 5वें दिन तीसरा मेडल आया, नारूका-धालीवाल स्कीट शूटिंग में नंबर-3 रहे
अनंतजीत सिंह नारूका और परिनाज धालीवाल की जोड़ी ने भारत को एशियन गेम्स के 5वें दिन का तीसरा मेडल दिलाया। यह जोड़ी शॉटगन शूटिंग के स्कीट मिक्स्ड टीम इवेंट के फाइनल में 48 में से 44 निशाने लगाकर तीसरे स्थान पर रही। यह मौजूदा एशियन गेम्स में शूटिंग का 8वां मेडल है। इनमें 4 सिल्वर और 4 ब्रॉन्ज शामिल हैं। इस मेडल के सहारे मेडल टैली में भारत के एक गोल्ड, 6 सिल्वर और 8 ब्रॉन्ज के सहारे 15 मेडल हो गए हैं।
गुरुवार को रोशिबिना देवी ने वुशु ने सिल्वर मेडल हासिल किया। वे महिलाओं के 60kg सांडा इवेंट के फाइनल में चीन की झांग शियाओयू से 0-2से हार गईं। उन्होंने एशियाड में लगातार तीसरा मेडल जीता है। वे ऐसा करने वाली भारत की पहली महिला वुशु खिलाड़ी बन गई हैं। इससे पहले सतनाम सिंह और सलमान खान की जोड़ी ने रोइंग में ब्रॉन्ज मेडल दिलाया।
अनंतजीत सिंह नारूका और परिनाज धालीवाल ने स्कीट मिक्स्ड टीम में ब्रॉन्ज मेडल जीता। भारतीय जोड़ी ने फाइनल में 48 में से 44 निशाने सही लगाए।
भारत और साउथ कोरिया का स्कोर बराबर रहा, लेकिन टाई-ब्रेकर के बाद भारत को ब्रॉन्ज से संतोष करना पड़ा। भारतीय जोड़ी चीन से सिर्फ एक अंक पीछे रही।
