मनप्रीत कौर ने शॉट पुट में जीता ब्रॉन्ज, भारत के कुल मेडल हुए 21
एशियन गेम्स 2026 में आज (25 सितंबर) छठा दिन है. आज भी भारत के एथलीटों से शानदार प्रदर्शन की आस है. शूटिंंग, एथलेटिक्स में भारत को पदक की उम्मीदें रहेंगी. वहीं कई दूसरे खेलों में भारतीय खिलाड़ी चौंका सकते हैं. आज की एशियन गेम्स की कवरेज के लिए इस पेज को रिफ्रेश करते रहें, हम लगातार नई जानकारियां अपडेट कर रहे हैं.
पांचवें दिन यानी 24 सितंबर को भारत ने कुल पांच पदक (दो सिल्वर और तीन कांस्य) जीते थे.वुशू में रोशिबिना देवी ने रजत पदक हासिल किया. वहीं 4×400 मीटर रिले में मिक्स्ड टीम ने सिल्वर जीता. सीमा ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए विमेंस 10000 मीटर रेस में कांस्य पदक प्राप्त किया. वहीं रोइंग और स्कीट शूटिंग में भी एक-एक ब्रॉन्ज आया.
बैडमिंटन में अच्छी खबर सामने आई है. तृषा जॉली/गायत्री गोपीचंद विमेंस डबल्स के प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई हैं. पहले राउंड में तृषा-गायत्री ने विश्व रैंकिंग में 35वें स्थान पर काबिज हॉन्ग कॉन्ग की जोड़ी को 21-16, 16-21, 21-16 से हराया.
अनिमेष कुजूर सेमीफाइनल हीट में 7वें स्थान पर रहे. उन्होंने 10.38 सेकंड का समय निकाला. इस नतीजे के साथ अनिमेष 100 मीटर फाइनल की दौड़ से बाहर हो गए.
गुरिंदरवीर सिंह सेमीफाइनल हीट में 5वें स्थान पर रहे. उन्होंने 10.32 सेकंड का समय निकाला. इस नतीजे के साथ वह फाइनल की दौड़ से बाहर हो गए.
दीया चिताले और मानुष शाह की जोड़ी ने एशियन गेम्स के मिक्स्ड डबल्स में कांस्य पदक पक्का कर लिया. सेमीफाइनल में भारतीय जोड़ी को मौजूदा ओलंपिक चैम्पियन चीन के चुकिन वांग और यिंगशा सुन के हाथों 0-4 से हार मिली. सेमीफाइनल में हार के बावजूद दीया-मानुष की जोड़ी ने भारत के लिए कांस्य पदक सुनिश्चित कर इतिहास रच दिया. इस जोड़ी ने एशियन गेम्स में भारत को टेबल टेनिस का चौथा पदक दिलाया. यह मिक्स्ड डबल्स में भारत का दूसरा पदक है.
भारतीय तैराक साजन प्रकाश ने मेन्स 200 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा के फाइनल में 7वां स्थान हासिल किया. साजन ने 1:58.42 का समय लिया और वो स्वर्ण पदक विजेता से 3.37 सेकंड पीछे रहे.
महिला 54 किग्रा वर्ग के दूसरे दौर में भारत की प्रीति पवार को उत्तर कोरिया की दो बार की विश्व चैम्पियन पांग चोल-मी के खिलाफ 0-5 से हार का सामना करना पड़ा. इस हार के साथ प्रीति का एशियन गेम्स अभियान समाप्त हो गया.
