MP: मंडला में गणेश पंडाल में बड़ा हादसा, करंट फैलने से 4 की मौत, 2 घायल
मध्य प्रदेश के मंडला में गणेश पंडाल में करंट फैलने से बड़ा हादसा हो गया. इस हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई. वहीं, 2 लोग घायल हुए हैं. इनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है. घटना नैनपुर थाना क्षेत्र के हीरापुर गांव की है. बताया जा रहा है कि गणेश विसर्जन के बाद कुछ लोग गणेश पंडाल के मंच पर सो रहे थे. इसी दौरान अचानक पंडाल में करंट फैल गया. घटनास्थल पर मौजूद लोग इसकी चपेट में आ गए.
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, करंट फैलने की वजह शॉर्ट सर्किट या बिजली का तार टूटना हो सकती है. हालांकि, घटना की सही वजह अभी स्पष्ट नहीं है. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची. अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया.
मंडला के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार वर्मा ने मोबाइल फोन पर घटना की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि गणेश पंडाल में करंट फैलने से चार लोगों की मौत हुई है. दो लोग घायल हुए हैं. इनमें से एक की हालत गंभीर है. पुलिस और प्रशासन की ओर से घटना की जानकारी जुटाई जा रही है. करंट कैसे फैला, इसकी जांच की जा रही है. हादसे के बाद गांव में भी शोक माहौल है.
