इंडिगो फ्लाइट का पिछला हिस्सा रनवे से टकराया, गुवाहाटी से बेंगलुरु आ रहा था विमान
बेंगलुरु एयरपोर्ट पर इंडिगो की फ्लाइट 6E 6542 का पिछला हिस्सा लैंडिंग के दौरान रनवे से टकरा गया। रविवार दोपहर गुवाहाटी से आ रहे प्लेन को केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान दिक्कत हुई थी। फ्लाइट ने जब पहली बार लैंडिंग की कोशिश की तो उसका पिछला हिस्सा रनवे से टकरा गया। इसके बाद उसने गो-अराउंड किया (यानी विमान ने वापस उड़ान भर ली)। इसके बाद दूसरी बार दोपहर 1:34 बजे प्लेन ने सुरक्षित लैंडिंग की।
अभी इस बात की जानकारी नहीं है कि फ्लाइट में कितने लोग सवार थे। हालांकि, सभी यात्री सुरक्षित हैं। यह पिछले 47 दिनों में इंडिगो की किसी फ्लाइट में आई दिक्कत (इमरजेंसी लैंडिंग, डायवर्जन और तकनीकी खराबी) से जुड़ा छठा मामला है।
हादसे के बाद इस प्लेन की उड़ान रोक दी गई है और उसकी तकनीकी जांच चल रही है। पूरी तरह ठीक पाए जाने के बाद ही इसे दोबारा उड़ाया जाएगा।
इंडिगो ने कहा कि उन्होंने नियमों के मुताबिक सभी अफसरों को जानकारी दे दी है। कंपनी के लिए यात्रियों और स्टाफ की सुरक्षा सबसे पहले है।
इस प्लेन को आगे कोयंबटूर भी जाना था। बेंगलुरु से कोयंबटूर जाने वाले यात्रियों के लिए तुरंत दूसरा प्लेन लगाया गया, ताकि किसी को परेशानी न हो।
उड्डयन विभाग (DGCA) ने इंडिगो की इस मामले की जांच शुरू कर दी है।
