Share Market : बाजार में बिकवाली हावी, सेंसेक्स 1000 अंक टूटा, निफ्टी 23000 के नीचे
सोमवार को शुरुआती कारोबार में भारतीय शेयर बाजार में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी बुरी तरह गिरे। कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें और भू-राजनीतिक अनिश्चितताएं बाजार पर हावी रहीं। एशियाई बाजारों में कमजोर रुख ने भी निवेशकों की धारणा को प्रभावित किया।
विदेशी पूंजी की निकासी ने भी शुरुआती कारोबार के दौरान निवेशकों के मनोबल को चोट पहुंचाई। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 730 अंक गिरकर 73,170.12 पर आ गया। वहीं, 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 231.50 अंक टूटकर 22,908.95 पर पहुंच गया। सुबह 10 बजकर 45 मिनट पर सेंसेक्स 1,010.46 (1.36%) अंकों की गिरावट के साथ 72,885.28 के स्तर पर जबकि निफ्टी 309.66 (-1.34%) अंकों की गिरावट के साथ 22,830.85 के स्तर पर कारोबार करता दिखा।
बाजार में इस बड़ी गिरावट के पीछे कई कारण रहे। कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल एक प्रमुख वजह है। भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं ने भी निवेशकों को चिंतित किया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान के संघर्ष-समाधान प्रस्ताव को अस्वीकार करने से चिंताएं बढ़ी हैं। स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज को फिर से खोलने के प्रस्ताव की अस्वीकृति ने आपूर्ति में लंबे समय तक व्यवधान की आशंका जताई है। इससे तेल की कीमतें वैश्विक बाजारों के लिए एक प्रमुख कारक बन गई हैं।
