‘मेरी पत्नी बीमार, तुम्हारे साथ संबंध बनाना चाहता’:कुशीनगर में स्कूल प्रबंधक ने महिला टीचर से की अश्लील हरकत
कुशीनगर में एक स्कूल प्रबंधक ने महिला टीचर के साथ छेड़छाड़ की। जब टीचर ने विरोध किया तो वह जान से मारने की धमकी देने लगा। घटना से जुड़ा 5 मिनट 47 सेकंड का एक वीडियो सामने आया है। इसमें प्रबंधक महिला टीचर के साथ आपत्तिजनक हरकतें और अश्लील बातें करता नजर आ रहा है। वीडियो में टीचर प्रबंधक को चेतावनी देते हुए कहती सुनाई दे रही है, “दूर रहिए। टच मत करिएगा। आपको हम मार देंगे।” वह यह भी कहती है कि अगर किसी की बेटी के साथ ऐसा किया जाए तो उसे कैसा लगेगा।
मामला 1 अक्टूबर यानी गुरुवार का बताया जा रहा है। आरोप है कि प्रबंधक ने छुट्टी होने के बाद टीचर को ट्रांसफर सर्टिफिकेट (TC) बनाने के बहाने अपने ऑफिस में बुलाया था। इसके बाद उसने कथित तौर पर उसके साथ छेड़छाड़ की। पीड़िता ने गुरुवार रात पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। शाम 5 बजे कोर्ट में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।
यह मामला कुशीनगर के द रेनबो लोरेटो स्कूल का है। रविंद्रनगर थाना क्षेत्र के सरस्वती चौक पर स्थित इस स्कूल में आठवीं तक पढ़ाई होती है। आरोपी स्कूल प्रबंधक दिनेश राय रविंद्र नगर (कुशीनगर) के गांव मोतीछापर (भिसवा) का रहने वाला है। उसकी पत्नी बीमार है। परिवार में एक बेटी और बेटा है।
प्रबंधक ने महिला टीचर से शारीरिक संबंध बनाने की बात कही। इसी दौरान वह अपनी पत्नी की तबीयत खराब होने का हवाला देते हुए कहता है, ‘मेरी पत्नी बीमार है… इसलिए मैं तुम्हारे साथ संबंध बनाना चाहता हूं।’
महिला टीचर प्रबंधक की बात का विरोध करती है। वह सवाल करती है कि वह उससे इस तरह की बात कैसे कर सकता है। वीडियो में महिला शिक्षिका उसे बार-बार दूर रहने के लिए कहती नजर आती है। वीडियो में प्रबंधक महिला के करीब जाने और उसे छूने का प्रयास करता हुआ भी दिखाई दे रहा है।
बताया जा रहा है कि महिला शिक्षिका ने बातचीत का वीडियो अपने मोबाइल फोन से रिकॉर्ड किया था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी दिनेश राय के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 75, 115(2) और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। ये धाराएं यौन उत्पीड़न, स्वेच्छा से चोट पहुंचाने और आपराधिक धमकी से संबंधित हैं।
