पेड़ के नीचे बैठे राहुल-प्रियंका, EC दफ्तर जाने से पुलिस ने रोका, कई नेता हिरासत में

INDIA ब्लॉक के 140 से अधिक सांसदों का SIR और चुनाव आयोग के खिलाफ संसद से सड़क तक मार्च शुरू हो गया है. INDIA ब्लॉक के सांसद संसद भवन से निकलकर निर्वाचन सदन की ओर बढ़ रहे हैं. सपा प्रमुख अखिलेश यादव, TMC सांसद अभिषेक बनर्जी, डेरेक ओ ब्रायन समेत INDIA ब्लॉक के तमाम नेताओं को हिरासत में ले लिया गया है.

राहुल गांधी को आकाशवाणी भवन में घुसते वक्त रोक दिया गया. राहुल गांधी आकाशवाणी भवन के रास्ते से चुनाव आयोग के कार्यालय जाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन उन्हें गेट पर ही रोक दिया गया है. जानकारी के मुताबिक, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और के.सी. वेणुगोपाल चुनाव आयोग से लगभग 200 मीटर की दूरी पर धरने पर बैठ गए हैं.

दरअसल, दिल्ली पुलिस ने आकाशवाणी भवन के पिछले गेट से लगी लेन पर बैरिकेड लगा दिए हैं, जिससे निर्वाचन सदन की ओर जाने का रास्ता बंद हो गया है. पिछले गेट और लेन में आगे लगे बैरिकेड पर पुलिसबल तैनात है.

अखिलेश यादव ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की है. उन्होंने चुनाव आयोग पर वोट चोरी का आरोप लगाया है. अखिलेश यादव ने कहा कि बंगाल में घपला करके बीजेपी की जीत हुई. मार्च को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. विपक्ष के इस विरोध मार्च में कई पार्टियों के नेता और सांसद शामिल हुए हैं. निर्वाचन सदन के पास पुलिस ने बैरिकेडिंग कर INDIA ब्लॉक के नेताओं को रोक दिया है. राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत कई विपक्षी सांसद वहीं धरने पर बैठ गए हैं.

राहुल गांधी ने पुलिस बैरिकेड पर चढ़कर राष्ट्रीय ध्वज लहराया. सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि BJP घबराई हुई है. उन्होंने बीजेपी पर उपचुनाव में भी धांधली करने का आरोप लगाया है.

समाजवादी पार्टी सांसद ज़िया-उर-रहमान बर्क़ अपने साथी सांसदों के साथ चुनाव आयोग जाते समय नीति आयोग के दफ़्तर के पास लगे पुलिस बैरिकेड पर चढ़ गए हैं.

वहीं, राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, डी. राजा और INDIA ब्लॉक के दूसरे वरिष्ठ नेता आकाशवाणी भवन के बाहर धरने पर बैठ गए हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, पहला बैरिकेड संसद भवन से करीब 400 मीटर की दूरी पर था. बसें भी मौके पर पहुंच गई हैं. पैरामिलिट्री फोर्स भी आगे आ गई हैं. हालांकि, अभी तक किसी को हिरासत में नहीं लिया गया है.

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग पर पक्षपात का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि बंगाल में फोर्स के माध्यम से बूथ लूटा गया. उत्तर प्रदेश में भी ऐसा हुआ. अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा, ‘चुनाव आयोग निष्पक्ष नहीं है और चुनाव आयोग संविधान के तहत काम नहीं कर रहा है. भाजपा जब से आई है तब से चुनाव आयोग ने भाजपा के लिए काम करना शुरू कर दिया.’

समाजवादी पार्टी सांसद इकरा हसन भी प्रदर्शन में शामिल हुई हैं. उन्होंने एक रिपोर्ट का हवाला देते हुे कहा कि इसके मुताबिक, 14 बार आम सहमति से फैसला नहीं हुआ. उन्होंने कहा कि विपक्ष पहले दिन से कह रहा है कि ज्ञानेश कुमार बीजेपी के एजेंट की तरह काम कर रहे हैं.

ताजा जानकारी के मुताबिक, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और INDIA गठबंधन के दूसरे सांसद चुनाव आयोग से लगभग 200 मीटर दूर, नीति आयोग के पास धरने पर बैठे हुए हैं.

प्रदर्शनकारी चुनाव आयोग के मुख्यालय से लगभग 200 मीटर की दूरी पर धरने पर बैठे हैं. सांसद CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ ‘वोट चोर’ के नारे लगा रहे हैं. प्रदर्शन को देखते हुए निर्वाचन सदन और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ाई गई है. मौके पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात हैं.