ब्यूटीशियन ने पति की हत्या कर बताया ‘हार्ट अटैक’, मोबाइल चैट से खुला खौफनाक राज; अब कब्र से निकलेगा शव

यूपी के मेरठ में ब्यूटीशियन पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति को मौत के घाट उतार दिया और फिर इसे हार्ट अटैक का रूप दे दिया। पत्नी का आरोप कि पति तालिब उसके साथ मारपीट करता था, जिसके चलते वह उससे परेशान थी। पत्नी इल्मा का एक वीडियो सामने आया है जिसमें वह कबूल रही है कि पति तालिब ने 28 सितंबर को उसके साथ मारपीट की थी। नाराज होकर उसने अपने प्रेमी अमन को बुला लिया। इल्मा ने तालिब के पैर पकड़े और अमन व उसके एक साथी ने चुन्नी से गला घोंटकर उसे मार दिया। इल्मा ने परिवार को गुमराह करने के लिए पति की मौत हार्ट अटैक से होना बता दिया था, जिसके बाद मुजफ्फरनगर में उसका शव दफनाया गया। इसके बाद परिवार को शक हुआ तो पुलिस से शिकायत की गई। संभावना है कि आज पुलिस शव को निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजेगी।

मामला लोहिया नगर की जाकिर नगर कॉलोनी का है। 30 वर्षीय राजमिस्त्री तालिब मुजफ्फरनगर जिले का रहने वाला था और वर्तमान में पत्नी इल्मा (27) के साथ मेरठ की जाकिर कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहा था। दोनों की चार साल पहले शादी हुई थी और 3 साल की एक बेटी है।

इल्मा पास में ही स्थित सिग्नेचर स्टाइल ब्यूटी स्टूडियो में काम करती थी। 28 सितंबर को तालिब काम से घर लौटा। इसके बाद शाम करीब 7 बजे इल्मा ने तालिब के मोबाइल से परिवार के लोगों को फोन कर बताया कि हार्ट अटैक से उसकी मौत हो गई है। जानकारी मिलते ही फतेहुल्लापुर में रहने वाला तालिब का चचेरा भाई अकरम सबसे पहले घर पहुंचा। इल्मा ने अकरम को बताया कि तालिब काम से लौटने के बाद अचानक बीमार पड़ गया। वह बिस्तर पर लेटा था और कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई।

तालिब के परिवार के लोग उसी रात उसका शव मुजफ्फरनगर स्थित पैतृक गांव ले गए। इल्मा भी सभी के साथ गांव पहुंची। 29 सितंबर को तालिब के शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया और 30 सितंबर को इल्मा ससुराल से वापस मेरठ आ गई थी।

सोमवार को रिश्ते के देवर ने इल्मा के पास जाकर भाई तालिब का मोबाइल मांगा। इल्मा ने देने से इनकार करते हुए कहा कि उसे नहीं पता मोबाइल कहां है। इसके बाद देवर ने जब घर खंगाला तो कपड़ों के ढेर में छुपा मोबाइल मिला। मोबाइल के अंदर इल्मा और अमन की चैट देखकर शक गहरा गया। परिवार ने सख्ती से पूछताछ की तो इल्मा ने जुल्म कबूल लिया। इल्मा ने बताया कि तालिब उसे मारता-पीटता था, इसलिए उसने उसकी हत्या कर दी। इस वारदात में उसने पास में रहने वाले अपने प्रेमी की मदद ली।

रिश्तेदारों ने भी बताया कि उन्होंने इल्मा को फतेहउल्लापुर रोड (60 फुटा) स्थित सिग्नेचर स्टाइल ब्यूटी स्टूडियो के मालिक अमन के साथ कई बार पार्क और अन्य स्थानों पर आपत्तिजनक स्थिति में देखा था। जिसकी जानकारी उसने तालिब को भी दी थी। मृतक तालिब अपनी पत्नी के इस प्रेम प्रसंग में रोड़ा बन रहा होगा, जिसके चलते प्रेमी के साथ मिलकर इल्मा ने पति को ही रास्ते से हटा दिया।

परिवार ने इल्मा के बयान को रिकॉर्ड करके पुलिस से शिकायत की है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है। फिलहाल इल्मा पुलिस निगरानी में है। वहीं, शव को क्रब से निकालने के लिए मुजफ्फरनगर के डीएम से पत्र भेजा है, संभवतः आज शव निकाला जाएगा और पोस्टमार्टम के बाद आगामी कार्रवाई होगी।