दिल्ली के सीमापुरी में चार मंजिला इमारत गिरी, कई लोगों के दबे होने की आशंका
दिल्ली के सीमापुरी इलाके में चार मंजिला इमारत गिर गई है. हादसे के बाद 4-5 लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया है. पुलिस के मुताबिक, यह इमारत करीब 25 गज की जमीन पर बनी थी. मौके पर राहत और बचाव का काम जारी है. DCP आर मिणा ने बताया कि इमारत चार मंजिला थी और करीब 25 गज के प्लॉट पर बनी थी. हादसे के बाद 4-5 लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया है. मलबे में अभी भी लोगों के फंसे होने की आशंका है. रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और बचाव टीम मलबा हटाने में जुटी है. फिलहाल कितने लोग अंदर फंसे हैं, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है. हादसा किस वजह से हुआ, यह भी अभी स्पष्ट नहीं है.
हादसे की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. रेस्क्यू टीम मलबे को हटाने में जुटी है. कोशिश है कि अगर कोई व्यक्ति अंदर फंसा है तो उसे जल्द बाहर निकाला जा सके.
घटना के बाद सीमापुरी गोल चक्कर, DLF भोपुरा समेत आसपास की सड़कों पर ट्रैफिक प्रभावित हुआ है. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से इस इलाके में जाने से बचने की अपील की है. घटना स्थल के पास रुकने, गाड़ी खड़ी करने या भीड़ लगाने से भी मना किया गया है, ताकि एंबुलेंस और बचाव वाहनों के लिए रास्ता खाली रहे.
