परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड में बड़ा एक्शन, आरोपी केमिस्ट के घर चला बुलडोजर; निहंग संगठनों ने तोड़ी दुकान
मानसा। परविंदर सिंह झोटा की हत्या के मामले में आरोपी को पुलिस ने राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन आम जनता और विभिन्न संगठनों का गुस्सा अभी भी शांत होने का नाम नहीं ले रहा। बुधवार सुबह से ही मेडिकल शॉप के बाहर एकत्रित हुए सिख संगठनों के लोगों ने शॉप व घर में तोड़-फोड़ कर दी है। वहीं, प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए उसके घर पर बुल्डोजर चला दिया है।
दरअसल, आरोपी की गिरफ्तारी की खबर सामने आने के बाद से ही इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है और सुबह होते ही आरोपी की दुकान के बाहर भारी संख्या में लोगों और पुलिस बल का जमावड़ा लग गया।
शुरुआती दौर में यह कयास लगाए जा रहे थे कि प्रशासन खुद ही आरोपी मेडिकल स्टोर संचालक की दुकान पर पीला पंजा चलाएगा। लेकिन प्रशासन ने उसके घर का अवैध निर्माण को गिराया है। बुल्डोजर अश्विनी कुमार के घर की तरफ बड़ा और अवैध निर्माण को गिराना शुरू कर दिया। इस दौरान भरी संख्या में लोग भी अश्विनी कुमार के घर के बाहर इकट्ठे हुए।
प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार किए बिना मौके पर पहुंचे निहंग सिंह संगठनों और आक्रोशित लोगों का सब्र जवाब दे गया। प्रदर्शनकारियों ने कानून को अपने हाथ में लेते हुए आरोपी की दुकान और उसके मकान को पूरी तरह से तहस-नहस कर दिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि हालात और अधिक न बिगड़ें।
