बार्सीलोना और रियाल मैड्रिड के दिग्गजों के बीच कोलकाता में होगा प्रदर्शनी मैच

स्पेन के सबसे बड़े फुटबॉल क्लबों बार्सीलोना और रियाल मैड्रिड के दिग्गज खिलाड़ियों के बीच 25 नवंबर को यहां एक प्रदर्शनी मैच का आयोजन होगा। पश्चिम बंगाल के खेल मंत्री इंद्रनील खान ने मंगलवार को यह जानकारी दी। यह मैच विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन (साल्ट लेक स्टेडियम) में खेला जाएगा।

खान ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल पर एक पोस्ट के जरिए इस आयोजन की घोषणा की।

उन्होंने दोनों चिर प्रतिद्वंद्वी क्लबों के पूर्व दिग्गज खिलाड़ियों के बीच होने वाले मुकाबले का संकेत देते हुए लिखा, ‘‘एल क्लासिको की तैयारी जारी… बार्सीलोना लीजेंड्स बनाम रियाल मैड्रिड लीजेंड्स… 25 नवंबर, 2026, विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन, कोलकाता।’’

यह घोषणा ऐसे समय में हुई है जब इस महीने की शुरुआत में इस प्रतिष्ठित स्टेडियम में भारतीय पुरुष फुटबॉल टीम के दो बड़े अंतरराष्ट्रीय मैत्री मैच आयोजित किए गए थे।

भारत ने तीन अक्टूबर को पांच बार के विश्व चैंपियन ब्राजील का सामना किया था और इसके बाद छह अक्टूबर को दो बार के विश्व चैंपियन उरुग्वे से खेला था।

अगले महीने के प्रस्तावित मुकाबले में स्पेन के इन दोनों क्लबों से जुड़े पूर्व खिलाड़ियों के शामिल होने की उम्मीद है। इन क्लबों के बीच प्रतिद्वंद्विता विश्व फुटबॉल की सबसे चर्चित प्रतिद्वंद्विताओं में से एक है।