CM हाउस के बाहर युवक का हाई-वोल्टेज ड्रामा, अंदर घुसने की कोशिश, रोकने पर भिड़ा
रायपुर में मंगलवार सुबह CM हाउस के गेट पर एक युवक ने जमकर हंगामा किया। उसने मुख्यमंत्री निवास में घुसने की भी कोशिश की। पुलिसकर्मियों ने उसे रोकने का प्रयास किया तो वह उनसे भिड़ गया और हमला कर दिया। स्थिति संभालने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। युवक का नाम डीडी नगर निवासी निखिल परगनिया बताया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मंगलवार सुबह 8.30 बजे युवक मुख्यमंत्री निवास के गेट पर पहुंचा था। वो अंदर जाने की कोशिश करने लगा। मौके पर मौजूद डायल 112 की टीम ने उसे रोक दिया। इसी बात को लेकर युवक पुलिसकर्मियों से उलझ गया। आरोप है कि उसने पुलिसकर्मियों पर हमला भी किया।
युवक के विरोध और कथित हमले के बाद मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। पुलिसकर्मियों ने उसे काबू में करने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस को लाठी का इस्तेमाल करना पड़ा। इसके बाद युवक को हिरासत में ले लिया गया। घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
घटना के बाद पुलिस युवक को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ कर रही है। फिलहाल युवक की पहचान और मुख्यमंत्री निवास में प्रवेश करने के पीछे उसके उद्देश्य को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
