पीएम मोदी दिल्ली में एशियन गेम्स मेडलिस्ट से मिले

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दिल्ली के मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में एशियन गेम्स 2026 के मेडलिस्ट खिलाड़ियों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि एशियन गेम्स में भारतीय महिला हॉकी ने गोल्ड मेडल जीतकर 44 साल का इंतजार खत्म किया है। खिलाड़ियों की सफलता देश की सफलता है। इस कार्यक्रम में केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया और भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) की अध्यक्ष पीटी उषा भी शामिल रहीं। आइची-नागोया में हुए एशियाई खेलों में भारत ने कुल 85 पदक जीते। इनमें 21 गोल्ड, 27 सिल्वर और 37 ब्रॉन्ज शामिल हैं। भारत पदक तालिका में चौथे स्थान पर रहा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हाल ही में हुए एशियन गेम्स कई मायनों में यादगार रहे। भारतीय पुरुष और महिला हॉकी टीमों ने गोल्ड मेडल जीते। महिला हॉकी टीम ने गोल्ड जीतकर 44 साल का लंबा इंतजार खत्म किया। क्रिकेट में भी भारत की पुरुष और महिला टीमों ने लगातार दूसरी बार मेडल जीतकर अपना पिछला रिकॉर्ड दोहराया। कबड्डी में दोनों टीमों ने गोल्ड मेडल हासिल किए।

 

PM ने कहा- ‘एशियन गेम्स में भारत की सफलता देश की बदलती सोच को भी दिखाती है। यह इस बात का उदाहरण है कि आज देश के युवा हर क्षेत्र में सफलता की नई ऊंचाइयों तक पहुंचना चाहते हैं।’

उन्होंने आगे कहा- ‘युवाओं के दृढ़ संकल्प से बड़ी कोई चुनौती नहीं है और उनकी क्षमता से बाहर कोई लक्ष्य नहीं है। संभावनाओं का असीमित आसमान उनके सामने है और वे खुद अपनी राह बना रहे हैं।’

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत के जीते 85 पदकों में से 38 पदक महिला खिलाड़ियों ने जीते हैं, जिनमें 11 गोल्ड मेडल शामिल हैं। ये पदक सिर्फ आंकड़े नहीं, बल्कि नए भारत की मजबूत तस्वीर पेश करते हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि मेडल विजेता खिलाड़ियों से मिलकर उन्हें भी ऊर्जा मिलती है। खिलाड़ियों का जुनून जब जीत में बदलता है, तो उनके चेहरे के साथ पूरे देश का गौरव भी बढ़ता है।