दुर्ग : चंडी देवी मंदिर में पहुंचीं 30 से ज्यादा चुनरी यात्राएं, पंचमी पर 2700 ज्योति कलश स्थापित

दुर्ग में नवरात्रि की पंचमी पर मां दुर्गा की आराधना के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। कुलदेवी चंडी देवी मंदिर में 30 से ज्यादा चुनरी यात्राएं पहुंचीं। श्रद्धालुओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ मां को चुनरी अर्पित की। शहर में 2700 ज्योति कलश स्थापित किए गए हैं। वहीं, ग्रीन चौक में 23 फीट ऊंची दुर्गा प्रतिमा आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा और यातायात की व्यवस्था की। एएसपी मणि शंकर चंद्रा ने बताया कि करीब 100 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। चुनरी यात्रा समितियों को तय रूट और समय का पालन करने के निर्देश दिए गए, ताकि यातायात प्रभावित न हो।

चंडी देवी मंदिर दुर्ग राजपरिवार की कुलदेवी का मंदिर है। यहां मां की स्वयंभू स्थापना की मान्यता है। नवरात्रि में दूर-दूर से श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। मंदिर के पुजारी गिरधर शर्मा ने बताया कि इस बार पहली बार मंदिर के बाहर बड़ी स्क्रीन लगाई गई। इसका उद्देश्य भीड़ बढ़ने पर व्यवस्था बनाए रखना और बाहर मौजूद श्रद्धालुओं को भी दर्शन की सुविधा देना है।

मंदिर में पूरे नौ दिन कन्या भोज का आयोजन किया जाता है। रोजाना सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक करीब 400 से 500 बच्चियां भोजन करती हैं। श्रद्धालुओं को हर दिन अलग-अलग तरह का प्रसाद भी बांटा जाता है।

चंडी देवी मंदिर में ज्योति कलश स्थापना नवरात्रि का प्रमुख आकर्षण है। इस बार क्वार नवरात्रि में 2700 ज्योति कलश स्थापित किए गए हैं। मंदिर से जुड़े लोगों के अनुसार, यहां ज्योति कलश स्थापना की शुरुआत 51 कलश से हुई थी। समय के साथ श्रद्धालुओं की भागीदारी बढ़ी और अब इनकी संख्या 2700 तक पहुंच गई है।

नवरात्रि में दुर्ग शहर के पंडाल भी आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। ग्रीन चौक में पिछले 40 वर्षों से मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की जा रही है। इस बार यहां करीब 23 फीट ऊंची प्रतिमा बनाई गई है, जिसे शहर की सबसे ऊंची प्रतिमा बताया जा रहा है। मां दुर्गा के विराट स्वरूप के साथ इसमें 51 देवी-देवताओं को भी दर्शाया गया है।

बनियापारा में महाराष्ट्र के साकोली में बनी दुर्गा प्रतिमा स्थापित की गई है। यहां पिछले 36 वर्षों से प्रतिमा स्थापना की परंपरा चली आ रही है। सदर बाजार रोड पर बीकानेर की आराध्य कुलदेवी करणी माता की प्रतिमा स्थापित की गई है। यहां समिति 30 वर्षों से अधिक समय से प्रतिमा स्थापित कर रही है।

इंदिरा मार्केट रोड पर स्थापित दुर्गा प्रतिमा अपनी खास बनावट के कारण चर्चा में है। इसे इस तरह तैयार किया गया है कि देखने पर प्रतिमा हवा में लटकी हुई नजर आती है। वहीं, ढीमरा पारा में मां दुर्गा के साथ स्थापित विशाल शेर की प्रतिमा भी लोगों का ध्यान खींच रही है।