देवी मंदिरों में कतारें, डोंगरगढ़, रतनपुर, रायपुर में श्रद्धालुओं की भीड़, अष्टमी-नवमी पर पूजन के लिए पहुंच रहे
छत्तीसगढ़ में आज (19 अक्टूबर) शारदीय नवरात्रि की महाष्टमी और नवमी मनाई जा रही है। प्रदेश के प्रमुख देवी मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ लगी है। डोंगरगढ़ के मां बम्लेश्वरी मंदिर, बिलासपुर के रतनपुर स्थित मां महामाया मंदिर और रायपुर के मां महामाया मंदिर में भक्त दर्शन-पूजन के लिए पहुंच रहे हैं। मंदिरों में दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी हैं।
पंचांग के अनुसार, आज सुबह 10:51 बजे तक अष्टमी तिथि थी। इसके बाद नवमी तिथि शुरू हो गई। उदया तिथि के अनुसार आज महाष्टमी भी मनाई जा रही है। श्रद्धालु मां दुर्गा के आठवें स्वरूप मां महागौरी की पूजा-अर्चना कर रहे हैं। भक्त माता को चुनरी, नारियल और फूल चढ़ाकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना कर रहे हैं।
रायपुर के पंडित शिरीष कुमार मिश्रा के अनुसार, शहर के करीब 90% पूजा पंडालों में हवन पूरा हो चुका है।
रतनपुर के मां महामाया मंदिर में शारदीय नवरात्र के दौरान पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठान जारी रहे।
मंदिर में हवन संपन्न हुआ। वहीं, मां महामाया के दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालु पहुंचते रहे।
नवरात्र की अष्टमी पर अंबिकापुर के महामाया मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी हुई है। वहीं, परंपरा के अनुसार राजपरिवार के मुखिया टीएस सिंहदेव ने मंदिर में संधि पूजा की।
रायपुर के महामाया मंदिर में दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ लगी हुई है। भक्त माता के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंच रहे हैं।
श्रद्धालु चुनरी, नारियल और फूल चढ़ाकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना कर रहे हैं।
