जबलपुर के मेले में रील बनाने के दौरान हादसा: चलते झूले का गेट खुलने से नीचे गिरे दो बच्चे

जबलपुर। शहर के लॉर्डगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत गोलबाजार के मेले में सोशल मीडिया पर रील बनाने का शौक दो बच्चों के लिए हादसे की वजह बन गया। मेले में गोल घूमने वाले झूले पर सवार एक बच्ची मोबाइल से रील बना रही थी, तभी अचानक झूले का गेट खुल गया। संतुलन बिगड़ने से बच्ची समेत दो बच्चे चलते झूले से नीचे गिर गए। हादसे में पल्लवी नाम की बच्ची को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि दूसरा बच्चा भी घायल हुआ है। दोनों को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के मुताबिक, बच्चे मेले में लगे गोल घूमने वाले झूले का आनंद ले रहे थे। इसी दौरान पल्लवी झूले के दरवाजे के पास टिककर मोबाइल से रील बना रही थी, तभी अचानक झूले का गेट खुल गया। गेट खुलते ही संतुलन बिगड़ने से पल्लवी और एक अन्य बच्चा नीचे गिर गए। अचानक हुए इस हादसे से मेला परिसर में अफरा-तफरी मच गई थी।

घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों बच्चों को तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज किया जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। हालांकि गंभीर चोट के चलते पल्लवी को विशेष निगरानी में रखा गया है।

हादसे की सूचना मिलने पर लार्डगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। सीएसपी अखिलेश गौर ने बताया कि पुलिस यह पता लगा रही है कि झूले के संचालन में सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं। जांच में यदि किसी की लापरवाही सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना ने मेले में संचालित झूलों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बच्चों के रिश्तेदारों ने भी हादसे पर चिंता जताते हुए झूला संचालकों की जिम्मेदारी को लेकर सवाल उठाए हैं। फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि झूले का गेट किन परिस्थितियों में खुला और हादसे के लिए कौन जिम्मेदार है।