नागपुर में गिरफ्तारी से पहले आगरा के होटल में श्रद्धा दुबे रुकी थी, बहन के साथ बुर्का पहनकर पहुंची थी ताज नगरी

लखनऊ के चर्चित शिवा शर्मा हत्याकांड में 50 हजार की इनामी मुख्य आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे, उसकी बहन और ड्राइवर को नागपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तारी से पहले श्रद्धा दुबे ने ताजनगरी आगरा में करीब 24 घंटे का समय बिताया था। आगरा के ताज नगरी फेज-1 स्थित होटल ओम पैलेस में उसकी मौजूदगी के CCTV फुटेज सामने आए हैं, जिसमें वह बुर्के में अपनी पहचान छिपाते हुए दिखाई दे रही है। फुटेज में श्रद्धा के साथ एक अज्ञात युवक और एक युवती भी नजर आ रही है। होटल के एंट्री रजिस्टर में युवक का नाम देवराज यादव दर्ज मिला है, जिसने वहां दो कमरे बुक कराए थे। हालांकि, आगरा STF की टीम और लखनऊ क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम के होटल पहुंचने से ठीक पहले तीनों आरोपी वहां से निकलने में कामयाब रहे।

जांच में सामने आए विवरण के अनुसार, 17 अक्टूबर की सुबह लगभग 6:33 बजे एक संदिग्ध वाहन होटल ओम पैलेस के बाहर आकर रुका। इसके ठीक बीस मिनट बाद सुबह 6:53 बजे श्रद्धा अपने साथियों के साथ होटल के भीतर दाखिल हुई। होटल के रिसेप्शनिस्ट मयंक ने बताया कि युवक देवराज यादव ने अपने पहचान पत्र के आधार पर दो कमरों की बुकिंग कराई थी। इसके बाद 18 अक्टूबर की सुबह करीब साढ़े 6 बजे तीनों लोग होटल से चेकआउट कर बाहर निकले और आगरा नंबर की एक अर्टिगा कार में सवार होकर मौके से फरार हो गए।

होटल स्टाफ के अनुसार, 24 घंटे के रुकने के दौरान बुर्का पहने युवती अपने कमरे से एक बार भी बाहर नहीं निकली और पूरा खाना-पीना कमरे के भीतर ही मंगाया गया। सूत्रों के मुताबिक, श्रद्धा दुबे आगरा में किसी स्थानीय अधिवक्ता से संपर्क साधने और कानूनी राय लेने के सिलसिले में आई थी। कयास यह भी लगाए जा रहे हैं कि वह आगरा की किसी स्थानीय अदालत में किसी पुराने या छोटे मामले में आत्मसमर्पण कर लखनऊ पुलिस के शिकंजे से बचने की फिराक में थी, लेकिन जैसे ही उसे भनक लगी कि पुलिस और यूपी STF उसकी लोकेशन ट्रेस कर चुकी है, वह सुबह-सुबह ही अपने साथियों संग होटल से निकल गई।

श्रद्धा दुबे की लोकेशन मिलने पर जब तक आगरा STF और लखनऊ क्राइम ब्रांच की टीमें होटल ओम पैलेस पहुंचीं, तब तक तीनों जा चुके थे। अब जांच एजेंसियां होटल के रजिस्टर, CCTV रिकॉर्डिंग और प्रयुक्त वाहनों के नंबरों के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही हैं।

बता दें कि बीते 9 अक्टूबर को हजरतगंज स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से संदिग्ध हालात में गिरकर कारोबारी शिवा शर्मा की मौत हो गई थी। मृतक की मां रंजना शर्मा ने श्रद्धा, उसकी बहन रश्मि और चालक समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया है। नेपाल बॉर्डर के बाद आगरा और अब नागपुर से श्रद्धा दुबे, उसकी बहन और ड्राइवर की गिरफ्तार हुई है।