इंदौर में रावण दहन के दौरान दो पक्षों में मारपीट, 5 घायल, आतिशबाजी को लेकर भिड़े दोनों गुट
इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र के कुमार खाड़ी में मंगलवार रात रावण दहन कार्यक्रम के दौरान दो पक्षों में विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों और लात-घूंसों से हमला किया। घटना में करीब पांच लोग घायल हुए हैं। मारपीट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर परस्पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बाणगंगा थाना प्रभारी सियाराम गुर्जर के मुताबिक कुमार खाड़ी में दशहरा उत्सव के तहत रावण दहन का आयोजन किया गया था। इसी दौरान दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए।
एक पक्ष का आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोग रावण दहन के दौरान अभद्र और अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल कर रहे थे। इसका विरोध करने पर विवाद बढ़ गया। वहीं, दूसरे पक्ष का कहना है कि उन्होंने आतिशबाजी के लिए कुछ युवाओं को बुलाया था। इस पर पहले पक्ष के लोगों ने आपत्ति जताई और मारपीट शुरू कर दी।
मारपीट की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति संभाली। घायलों को इलाज और मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा गया। थाना प्रभारी के अनुसार, देर रात दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर परस्पर मामले दर्ज किए गए हैं।
पुलिस वायरल वीडियो और संबंधित लोगों के बयानों के आधार पर मारपीट में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर रही है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
