ग्वालियर : CM मोहन यादव के रवाना होते ही GRMC डीन को एडवोकेट ने मारा थप्पड़, मारने की वजह भी बताई

मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर से एक बड़ी खबर सामने आई है. यहां जीआरएमसी (GRMC) के डीन डॉ. आरकेएस धाकड़ पर अचानक हमला कर दिया गया. अस्पताल परिसर के बाहर एडवोकेट मनोज शर्मा ने डीन डॉ. आरकेएस धाकड़ को थप्पड़ मार दिया. इस घटना के तुरंत बाद मौके पर भारी हंगामा खड़ा हो गया.

यह घटना उस समय हुई जब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ट्रॉमा सेंटर में घायलों से मिलने पहुंचे थे. मुख्यमंत्री ग्वालियर के प्रसिद्ध शीतला माता मंदिर हादसे के घायलों का हाल जानने और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करने आए थे. उनके साथ केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट भी मौजूद थे. जैसे ही मुख्यमंत्री और अन्य मंत्री अस्पताल से रवाना हुए, एडवोकेट मनोज शर्मा ने डीन को थप्पड़ मार दिया.

डीन को चांटा लगने के बाद मौके पर मौजूद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. वहां मौजूद लोगों ने एडवोकेट मनोज शर्मा की जमकर पिटाई कर दी. इस अचानक हुई हिंसा और हाथापाई से अस्पताल परिसर के बाहर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत हरकत में आई. पुलिस ने स्थिति को संभाला और आरोपी एडवोकेट मनोज शर्मा को अपनी हिरासत में ले लिया.

हमले के बाद आरोपी मनोज शर्मा ने बयान दिया, ‘ग्वालियर में कदम-कदम पर भ्रष्टाचार है. अब यह शहर काम करने लायक नहीं बचा है’. जांच में सामने आया कि आरोपी एडवोकेट मनोज शर्मा का पुराना रिकॉर्ड भी विवादित रहा है. मनोज शर्मा साल 2014 में सहारा प्रमुख पर भी स्याही फेंक चुका है.