इंदौर में मासूमों से हैवानियत, कन्या भोज पर बुलाकर 7 बच्चियों को बनाया बंधक, कपड़े उतारकर ली तलाशी

इंदौर। एबी रोड स्थित शहनाई रेसीडेंसी में मंगलवार को हंगामा हो गया। कन्याभोज पर आई बच्चियों पर शिक्षिका ने रुपये चुराने का आरोप लगाया और रुम में बंद कर लिया। उनके साथ मारपीट की और कपड़े उतार कर तलाशी ली। घटना के बाद बच्चियां रोते हुए थाने पहुंचीं और शिक्षिका की शिकायत की। एमजी रोड टीआइ सीबीसिंह के अनुसार फ्लैट क्रमांक-303 में रहने वाली अनिता मोहता ने विजयादशमी पर नया बसेरा क्षेत्र की सात बच्चियों को कन्याभोज पर आमंत्रित किया था। अनिता ने बच्चियों पर 500 रुपये चुराने का आरोप लगाया और उनके साथ सख्ती करना शुरू कर दी। पूछताछ में चोरी न स्वीकारने पर अनिता ने बच्चियों को रुम में बंद कर लिया।

घटना से परिजन आक्रोशित हो गए। शाम को बच्चियों को लेकर थाने पहुंचे और अनिता के विरुद्ध शिकायत की। स्वजन ने कहा अनिता ने बच्चियों को कमरे में बंद कर पीटा है। उनके कपड़े उतार कर तलाशी ली गई है। पुलिस ने अनिता को थाने बुलाया और हिरासत में ले लिया। टीआइ के अनुसार अनिता शासकीय स्कूल में टीचर है। जिन बच्चियों ने मारपीट का आरोप लगाया उस स्कूल में अनिता 12 साल पढ़ा चुकी है।