मीना बाजार में हादसा… हवाई झूले से गिरकर युवक की मौत, परिवार के साथ आया था घूमने
खरसिया। रायगढ़ जिले के खरसिया स्थित मीना बाजार में देर शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। परिवार के साथ मेला देखने पहुंचे युवक की हवाई झूले से गिरने के बाद मौत हो गई। मृतक की पहचान पठान पारा निवासी नकुल निषाद के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, नकुल अपने परिवार के साथ मीना बाजार घूमने गया था। इसी दौरान वह हवाई झूले में बैठा था। झूले में अचानक झटका लगने से वह नीचे गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद घायल नकुल को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। मामला खरसिया थाना क्षेत्र का है।
