पहले कार से टक्कर, फिर रॉड से अटैक… छत्रपति संभाजीनगर में दिनदहाड़े मर्डर, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में दिनदहाड़े हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहां सिडको के एन-7 इलाके में गुरुवार को देवेश उर्फ बंटी दीक्षित नाम के युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई. आरोपी ने पहले अपनी कार से बंटी की स्कूटी को टक्कर मारी. इसके बाद जब बंटी सड़क पर गिर गया तो हॉकी स्टिक और लोहे की रॉड से सिर और चेहरे पर हमला किया. इस हमले में बंटी की मौके पर ही मौत हो गई.
बंटी दीक्षित जिम से लौट रहा था. इसी दौरान बजरंग चौक के पास आरोपी पवन पराशर ने अपनी कार से स्कूटी को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर लगने के बाद बंटी सड़क पर गिर गया और स्कूटी दूर तक घिसटती चली गई. इसके बाद आरोपी ने कार रोकी और बंटी के पास पहुंचकर वार करना शुरू कर दिया.
🚨 महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में 36 वर्षीय देवेश उर्फ बंटी दीक्षित की दिनदहाड़े हत्या।
पुलिस के मुताबिक, स्कूटी को कार से टक्कर मारने के बाद उन पर डंडे और लोहे की रॉड से हमला किया गया।
#Sambhajinagar #MaharashtraNews #CrimeNews #BreakingNews #FineDrishti https://t.co/J9b8OBQ5Y8— Fine Drishti (@finedrishti) October 23, 2026
रॉड और हॉकी स्टिक के हमले में बंटी लहूलुहान हो गया और मौके पर ही दम तोड़ दिया. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पवन पराशर खुद सिडको पुलिस थाने पहुंच गया. छत्रपति संभाजीनगर के व्यस्त इलाके में दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस का कहना है कि बंटी दीक्षित और आरोपी पवन के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था.
बंटी मेस चलाने के साथ-साथ प्लॉटिंग के कारोबार से भी जुड़ा था. शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि दोनों के बीच पुरानी रंजिश और व्यावसायिक विवाद थे, जो हत्या की वजह हो सकते हैं. हालांकि, हत्या के पीछे की असल वजह अभी साफ नहीं हुई है.
पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल कार जब्त कर ली है. वहीं हमले में इस्तेमाल लोहे की रॉड भी पुलिस के कब्जे में है. हत्या के पीछे की असली वजह, आरोपों से जुड़े अन्य पहलुओं और आगे की कार्रवाई को लेकर पुलिस ने अभी कोई बयान जारी नहीं किया है. पुलिस आज आरोपी को कोर्ट में पेश कर रही है.
